फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Dehradun Nagar nigam Board Meeting 2020 held After 11th Month

देहरादून: हंगामेदार रही 11 महीने बाद हुई नगर निगम की बोर्ड बैठक, पास हुए 27 से अधिक प्रस्ताव

Mon, 14 Dec 2020 10:33 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Mon, 14 Dec 2020 10:33 PM IST
विज्ञापन
Dehradun Nagar nigam Board Meeting 2020 held After 11th Month
dehradun nagar nigam - फोटो : अमर उजाला

कोरोना काल की वजह से 11 महीने बाद हुई देहरादून नगर निगम की बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। भाजपा और कांग्रेस पार्षदों में तीखी जुबानी जंग भी हुई। इस बीच बोर्ड ने 27 से अधिक प्रस्ताव पास किए। अधिकतर प्रस्ताव ध्वनिमत से पास हुए। साथ ही 2020-21 के लिए पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक के बजट का अनुमोदन भी किया गया।

विज्ञापन


सोमवार सुबह कोरोना की गाइडलाइन के मद्देनजर बोर्ड कक्ष के बजाय बैठक मेयर सुनील उनियाल गामा की अध्यक्षता में नगर निगम के टाउन हॉल में हुई। बोर्ड ने ट्रैफिक सिग्नल फ्री चौराहे, नए वार्डों में 65 हजार एलईडी स्ट्रीट लाइट और एक हजार टाइमर लगाने, वेंडिंग जोन बनाने आदि प्रस्ताव पास किए गए। ज्यादातर पर भाजपा-कांग्रेस के पार्षदों में थोड़ा बहुत सवाल-जवाब के बाद सहमति नजर आई।
विज्ञापन


अभी एक-एक कर प्रस्ताव अनुमोदन के लिए बोर्ड के समक्ष रखे ही जा रहे थे कि कांग्रेस पार्षद दल के नेता डॉ. बिजेन्द्र पाल के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बहसबाजी हो गई। भाजपा पार्षदों ने डॉ. पाल के बार-बार सवाल करने पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि इससे अन्य पार्षदों को अपनी बात रखने का समय नहीं मिल पा रहा है। इस पर डॉ. पाल और कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि यह उनका प्रस्ताव है, इस पर तो उन्हें बोलने का मौका मिलना ही चाहिए। मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में बहस तेज हो गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्हें जनहित से जुड़े मुद्दों को रखने नहीं दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा करते हुए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने शुरू कर दिए। नेता विरोधी दल डॉ. बिजेन्द्र पाल समेत कांग्रेस के कुछ पार्षद मेयर की बेंच के आगे आकर नारेबाजी करने लगे। दूसरी तरफ से भाजपा पार्षदों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस के पार्षद विरोध जताते हुए सदन से बाहर जाने लगे। जिस पर मेयर सुनील उनियाल गामा ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यह गलत परंपरा न डालें, इससे किसी का भला नहीं होने वाला।

संख्या बल कम देखते हुए कांग्रेस पार्षदों ने सदन से बाहर जाने का फैसला वापस ले लिया। उसके बाद फिर से प्रस्तावों पर चर्चा शुरू हो गई। बैठक में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, राजपुर रोड विधायक खजानदास, नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय, सहायक नगर आयुक्त रोहिताश शर्मा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कैलाश जोशी, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीसी तिवारी आदि शामिल रहे।

कोरोना काल में काम करने वाले सफाई कर्मियों को पांच-पांच हजार रुपये

नगर निगम कोरोना काल में काम करने वाले सफाईकर्मियों को एकमुश्त पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देगा। नगर निगम बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नगर निगम के लगभग 1900 सफाईकर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले राज्य सरकार भी कोरोना के दौरान ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को बोनस दे चुकी है।

परिवार की राय से बनेंगीं प्रतिमाएं और शहीद द्वार
पुलवामा हमले के बाद सरहद पर शहीद हुए मेजर चित्रेश बिष्ट और मेजर विभूति ढौंढियाल की प्रतिमाएं और शहीद द्वार उनके परिवार की राय से उनकी बताई गई जगह पर लगेंगे। इस संबंध में आए प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले इन दोनों शहीदों के परिवारों से मुलाकात कर उनकी राय ली है। 

फिर से संचालित होंगी नगर निगम की डिस्पेंसरियां
नगर निगम की बंद हो चुकी विभिन्न क्षेत्रों की वर्षों पुरानी डिस्पेंसरियां फिर से संचालित की जाएंगी। डिस्पेंसरी के जर्जर हो चुके भवनों को फिर से बनाया जाएगा। इसमें कुछ स्वयं सेवी संस्थाओं और निजी अस्पतालों ने भी मदद के लिए सहमति दी है। हर वार्ड में डिस्पेंसरी संचालित नहीं होगी। जहां पहले से डिस्पेंसरी हैं या जहां जमीन उपलब्ध होगी वहां इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।
 
निजी हाथों में होगी पार्कों के रखरखाव की व्यवस्था
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न कॉलोनियों आदि के बदहाल पार्कों का रखरखाव संस्थाओं या अनुभवी व्यक्तियों को दिया जाएगा। जिसमें सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य होगा। साथ ही पार्क में कैंटीन की व्यवस्था भी होगी। ताकि, इन पार्कों में अराजक तत्वों की सक्रियता भी न रहे। इसके लिए टेंडर निकाले जाएंगे। इंद्रानगर के पार्षद शुभम नेगी ने बताया कि जहां पार्क को कॉलोनियों की समितियां बेहतर तरीके से चला रही हैं, वहां उन्हें ही संचालित करने दिया जाए। इस पर मेयर ने सहमति जताई।

ये प्रस्ताव भी हुए पास

- नगर निगम में नए जुडे़े क्षेत्रों में फेरी व्यवसायियों का सर्वे कर उनको वेंडिंग प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
- नए क्षेत्रों में भी बनेंगे बीओटी के आधार पर स्मार्ट बस क्यू शैल्टर्स।
- प्लास्टिक-पॉलीथिन पर सरकार द्वारा कोविड-19 के चलते हटाए गए प्रतिबंध को फिर से लागू करने के लिए सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव।
- मालवीय रोड पर निर्मित जर्जर कॉम्पलैक्स को ध्वस्त कर फिर से होगा निर्माण।
 - घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल का होगा सौंदर्यीकरण।
 - बलबीर रोड-संजय कॉलोनी में रैन बसेरे की बाउंड्रीवाल व स्वागत कक्ष, पटेलनगर रैन बसेरे में स्वागत कक्ष का निर्माण और इन रैनबसेरों का संचालन व रखरखाव स्वयं सेवा संस्था और समूहों को देने पर विचार।
- नवादा में कांजी हाउस के निकट गढ़वाल सभा की भूमि से लगी दो बीघा भूमि नैनीडांडा क्षेत्र विकास समिति देहरादून को देने पर विचार। 
- लोक सांस्कृतिक संस्थाओं को भी कार्यालय के लिए भूमि देने के संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजने पर विचार।
- 425 बालक-बालिकाओं वाले राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय 55 राजपुर रोड के लिए पांच से सात बीघा निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि, विद्यालय का विस्तार कर अन्य जरूरतमंद बच्चों को भी प्रवेश दिया जा सके।
-अलकनंदा एनक्लेव से मोखमपुर सड़क का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय रूपसिंह तोपाल और बंजारावाला बाजार में मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद जीत बहादुर के नाम पर रखा जाएगा।
- तुंतोवाला चौक का नाम लांसनायक शहीद जगदंबा प्रसाद बडोनी के नाम पर होगा।
- दून गढ़वाल ट्रैकर जीप कमांडर मालिक कल्याण संचालन समिति रिस्पना पुल को कोरोना महामारी के चलते टैक्स में छूट देने का प्रस्ताव

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed