Dehradun: बेरोजगारों और विपक्षी दलों का प्रदर्शन, बंद बेअसर, 200 कांग्रेसी हिरासत में लिए
राजधानी देहरादून व हरिद्वार के अलावा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिलों में युवक-युवतियों और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
विस्तार
भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को प्रदेशभर में बेरोजगारों और कांग्रेस, यूकेडी, आप व विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। हालांकि बेरोजगार महासंघ की प्रदेश बंद की अपील बेअसर ही रही।
Dehradun Lathicharge Protest: डीएम दफ्तर में घुसे, बाजार बंद कराया, नहीं थम रहा युवाओं का आक्रोश, तस्वीरें
राजधानी देहरादून व हरिद्वार के अलावा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के कई जिलों में युवक-युवतियों और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बृहस्पतिवार की घटना से क्षुब्ध बेरोजगारों ने शुक्रवार को देहरादून में जिला कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल पहुंचकर धरना दिया। वे गिरफ्तार किए गए बेरोजगार महासंघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार समेत सभी 13 युवाओं की रिहाई की मांग भी कर रहे थे। देर शाम करीब साढ़े नौ बजे प्रशासन से गिरफ्तार नेताओं पर लगी धारा 307 को हटाने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी बेरोजगारों के तेवर कुछ नरम पड़े।
200 कांग्रेसी हिरासत में लिए, सड़क पर लेट गए हरीश रावत
देहरादून में पुलिस मुख्यालय पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कांग्रेस के करीब 200 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को एकता विहार ले जाकर छोड़ दिया गया। प्रदर्शन में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पुलिस के रोकने पर जमीन पर लेट गए। पुलिसकर्मी उन्हें एंबुलेंस में एकता विहार ले गई।
उक्रांद के भी कई कार्यकर्ता हिरासत में लिए
उक्रांद युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने भी बेरोजगार युवाओं पर लाठीचार्ज के विरोध में द्रोण चौक पर प्रदर्शन कर राज्य सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारी इसके बाद शहीद स्मारक पहुंचे। जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद रेसकोर्स ले जाकर छोड़ दिया।
पुलिस की भूमिका की भी होगी जांच : भाजपा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने लाठीचार्ज की घटना पर कहा कि पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई लापरवाही हुई तो उसकी भी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।