देहरादून: प्रॉपर्टी विवाद में झूठी खबर चलाने की धमकी देकर मांगे पांच लाख, आरोपी गिरफ्तार
खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताकर ब्लैकमेल करने का आरोप, पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और डायरी की बरामद। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए बनाया गया था विशेष चैंबर, फोन में मिले कई लोगों के गोपनीय वीडियो की जांच जारी।
विस्तार
प्रॉपर्टी विवाद में झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताने वाले इस व्यक्ति ने पीड़ित से 50 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में जमा करा लिए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए विशेष चैंबर बना मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल में कई लोगों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर संपर्क किया
पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्तूबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह कई वर्षों से प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं और चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर संपर्क किया। उसने खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए संपत्ति से जुड़े मामले में बात करने की बात कही।
आरोप है कि कॉल पर व्यक्ति ने पीड़ित को धमकाया कि उसके पास संपत्ति से संबंधित कुछ खबरें हैं, जिन्हें न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर वह उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में उसने पांच लाख रुपये की मांग की। धमकी से डरकर पीड़ित ने आरोपी की ओर से दिए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद बाकी रकम मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी।
आईएसबीटी के पास से पकड़ा गया आरोपी
शिकायत के साथ पीड़ित ने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट और रकम जमा करने का प्रमाण भी पुलिस को दिया। इसके आधार पर पटेलनगर कोतवाली में प्राथमिकी संख्या 773/26 दर्ज की गई। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान अनुज अग्रवाल के रूप में की। पुलिस ने 19 अक्तूबर की रात उसे आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में भी दर्ज हैं प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज अग्रवाल निवासी द्वारिकापुरी, क्लेमेनटाउन, मूल निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश है। वह पटेलनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ देहरादून में धोखाधड़ी, मारपीट, अमानत में खयानत, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न आरोपों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मध्य प्रदेश में चार, पंजाब और ओडिशा में एक-एक और गुजरात में भी एक प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है। संबंधित राज्यों से इन मामलों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को होंगे शीतकाल के लिए बंद, दशहरा पर केदारनाथ की तिथि भी घोषित
पुलिस बरामद मोबाइल फोन में मिले वीडियो की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किन परिस्थितियों में बनाए गए और क्या उनका इस्तेमाल किसी को धमकाने या ब्लैकमेल करने के लिए किया गया था। - नरेश राठौर, थाना प्रभारी पटेलनगर