{"_id":"5e06f8fb8ebc3e87c80fae55","slug":"dehradun-beautification-work-in-platan-market-to-begin-today","type":"story","status":"publish","title_hn":"देहरादूनः आज से होगा पलटन बाजार में सौंदर्यीकरण का काम, मेयर करेंगे शुभारंभ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देहरादूनः आज से होगा पलटन बाजार में सौंदर्यीकरण का काम, मेयर करेंगे शुभारंभ
Sat, 28 Dec 2019 12:29 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Sat, 28 Dec 2019 12:29 PM IST
सार
- मेयर सुनील उनियाल गामा करेंगे स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कार्य का शुभारंभ
- नगर निगम में स्मार्ट सिटी लि. के अधिकारियों ने व्यापारियों को दी योजना की जानकारी
विज्ञापन
मेयर सुनील उनियाल गामा
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
देहरादून स्मार्ट सिटी के तहत पलटन बाजार के कायाकल्प का काम शनिवार से शुरू होगा। मेयर सुनील उनियाल गामा स्मार्ट सिटी के तहत होने वाले कार्य का विधिवत शुभारंभ करेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को नगर निगम में देहरादून स्मार्ट सिटी लि. के प्रेजेंटेशन के दौरान दी गई।
विज्ञापन
इससे पहले पलटन बाजार के व्यापारियों ने कहा कि बीते 11 दिसंबर को व्यापारियों को सूचना दिए गए पलटन बाजार सौंदर्यीकरण कार्य का पूजन किया गया। जिस पर व्यापारियों ने मेयर सुनील उनियाल गामा से पूजन के बाद काम शुरू करने की मांग की। वहीं, व्यापारियों ने पलटन बाजार में दोपहिया वाहन की आवाजाही बंद न करने की मांग की, जिस पर मेयर ने राहत का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
देहरादून स्मार्ट सिटी लि. के अधिकारियों ने बताया कि 13.10 करोड़ रुपये से पलटन बाजार का रूप-रंग बदला जाएगा। वहीं, पलटन बाजार के एंट्रेंस को सुंदर लुक दिया जाएगा। सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का लेवल बराबर रखा जाएगा। वहीं, सीएनआई स्कूल के पास हॉकर जोन बनाया जाएगा। इसके साथ ही कोतवाली के पास भी पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा एक्सट्रा पार्किंग की भी व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक पलटन बाजार की सभी दुकानों को एक ही रंग में रंगा जाएगा। सभी दुकानों को अलग-अलग नंबर भी दिए जाएंगे। पैदल चलने वाले लोगों के लिए बेहतर फुटपाथ भी तैयार किए जाएंगे। विकलांग और गर्भवती महिलाओं आदि के लिए गोल्फ कार्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। इस दौरान मेयर सुनील उनियाल गामा, भाजपा प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल, दून उद्योग व्यापार मंडल के मंडल अध्यक्ष विपिन नागलिया, मंडल सचिव सुनील मैसोन, सुशील आदि मौजूद रहे।
सभी दुकानों को बोर्ड का एक साइज होगा
पलटन बाजार में सभी दुकानों के बोर्ड का साइज एक होगा। इतना ही नहीं उनका रंग भी एक जैसा ही होगा। ऐसे में अभी लगे बोर्ड हट जाएंगे।
पलटन बाजार की दुकानों की होगी नंबरिंग
पलटन बाजार की सभी दुकानों की नंबरिंग होगी। लेफ्ट से राइट की ओर नंबरिंग होगी, जिसे दून-1 एप से जोड़ दिया जाएगा। ताकि लोग घर बैठे संबंधित दुकान की जानकारी ले सकें। इससे लोगों को खरीदारी में काफी आसानी होगी।
नए सिरे 476 मी. सड़क बनेगी
पलटन बाजार की 476 मीटर सड़क का भी नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। विद्युत और टेलीफोन लाइनों को मल्टी यूटिलिटी डक्ट बनाकर शिफ्ट किया जाएगा। सुबह सात से रात 10 बजे तक पलटन बाजार में दो एवं चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
आउटर का ब्लू प्रिंट तैयार करे एमडीडीए
भाजपा प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल ने कहा कि पुराने शहर को विकसित करने से पहले एमडीडीए आउटर या न्यू दून का ब्लू प्रिंट तैयार करें, ताकि नए इलाकों का सुनियोजित तरीके से विकास हो सके।
शौचालय की मांग
व्यापारियों ने पलटन बाजार में शौचालय की मांग की। जिस पर मेयर गामा ने बताया कि राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स में शौचालय बनाया गया है। जल्द ही पलटन बाजार में स्थान चिह्नित कर शौचालय बनवाया जाएगा।