देहरादून: आशारोड़ी के पास दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में आशारोड़ी के पास घातक मोड़ पर एक ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में एक किशोर और एक युवक की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में मामा-भांजे थे और देहरादून से सहारनपुर की ओर जा रहे थे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों देहरादून में एक प्राइवेट बिल्डिंग में बिजली का काम करते थे।
हादसा मंगलवार सुबह करीब सात बजे हुआ। थानाध्यक्ष नरोत्तम बिष्ट ने बताया कि आशारोड़ी चेकपोस्ट से करीब एक किलोमीटर आगे मोड़ पर एक बाइक और ट्रक की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बाइक ट्रक के नीचे फंसी हुई थी। ट्रक के पहिये के नीचे आने के कारण दोनों बाइक सवारों की मौत हो चुकी थी। उनके पास से मिले आईडी कार्ड से उनकी शिनाख्त की जा सकी।
किशोर का नाम जतिन पुत्र तिलकराज (17) निवासी फरीदपुर, मांडूवाला थाना फतेहपुर सहारनपुर और युवक का नाम संदीप कुमार पुत्र रामलाल (30) निवासी अहलावलपुर थाना चरथावल जिला मुफ्फरनगर है। पुलिस की सूचना पर दोपहर बाद परिजन भी देहरादून पहुंच गए। इसके बाद पता चला कि संदीप, जतिन का मामा था। दोनों बिजली मिस्त्री थे और देहरादून में एक प्राइवेट बिल्डिंग में बिजली के काम का ठेका लिया हुआ था। पांच दिन देहरादून में काम करने के बाद दोनों मंगलवार सुबह सहारनपुर जतिन के घर जा रहे थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। ट्रक में चिप्स भरे हुए थे। हादसे का कारण घातक मोड़ ही बताया जा रहा है। हालांकि, उस वक्त मौके पर कोई मौजूद नहीं था तो हादसे के असल कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
सेलाकुई में अनियंत्रित ट्रक दुकान में घुसा
सेलाकुई चौक के पास देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसा। बताया जा रहा है कि हादसा देर रात को तीन बजे हुआ। गनीमत यह रही कि रात होने के कारण दुकान में कोई नहीं था। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ट्रक अंबाला से सामान लेकर देहरादून जा रहा था। पुलिस के अनुसार, ट्रक ड्राइवर पूरी तरह से ठीक है।