Dehradun: अनियंत्रित होकर टौंस नदी में गिरी हिमाचल की कार, चालक का नहीं लगा कोई सुराग
ग्रामीणों ने कार के पास पहुंचकर कार की तलाशी ली तो उसमें कोई नहीं मिला। अनुमान लगाया जा रहा है कि कार में सिर्फ एक ही व्यक्ति सवार था जो कार चला रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून के विकासनगर में थाना क्षेत्र अंतर्गत अणु गांव से 200 मीटर दूर अटाल-मीनस मोटर मार्ग पर एक कार टौंस नदी में गिर गई। कार में हिमाचल प्रदेश निवासी चालक था। करीब 150 मीटर नीचे गिरी कार और चालक का कुछ पता नहीं चल सका है, शाम तक उसकी तलाश की जाती रही।
पुलिस को बुधवार सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि अटाल-मीनस मोटर मार्ग पर हादसा हुआ है। जिस पर पुलिस और एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर जगदंबा प्रसाद के नेतृत्व में टीम घटना स्थल पर पहुंची। कार की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेज बहाव के बीच वाहन का कुछ पता नहीं चल सका है।
घटनास्थल पर वाहन की नंबर प्लेट (एचपी-63डी-0587) के साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक एटीएम कार्ड, एक चेकबुक, शिमला मंडी की कुछ रसीदें मिलीं। जो नवीन शर्मा (32) पुत्र अमीरचंद शर्मा निवासी ग्राम धगोली पोस्ट कांथली, तहसील चिडगांव, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) के हैं। जब पुलिस ने इस पते पर संपर्क किया तो पता चला कि कार में नवीन शर्मा अकेला ही था। एसडीएम त्यूनी सौरभ असवाल ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। थानाध्यक्ष त्यूनी आशीष रवियान ने बताया कि तलाश जारी है। तेज बहाव के चलते कार का कुछ पता नहीं चल सका है।
छानीवालों ने देखी गिरती हुई कार
टौंस नदी की दूसरी ओर स्थित छानी (गोशाला) में रह रहे लोगों ने कार को गिरते हुए देखा था, जिसके बाद हादसे की जानकारी पुलिस की दी गई। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वे घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
सेब खरीद और बिक्री का कार्य करता था नवीन
टौंस में लापता हुआ नवीन शर्मा सेब की खरीद और बिक्री का कार्य करता है। उसकी त्यूनी तहसील के मैंद्रथ में भी रिश्तेदारी है। बताया जा रहा है कि अणु गांव पहुंचने पर एक व्यक्ति को नवीन ने लिफ्ट देने की बात कही थी, लेकिन उस व्यक्ति ने बाद में आने की बात कही।
दिल्ली से आ रही यात्री बस बेकाबू होकर पलटी, छह यात्री घायल
बुधवार तड़के माजरी ग्रांट हरिद्वार हाईवे पर दिल्ली से मसूरी जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से करीब छह यात्रा घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा। कोतवाली अंतर्गत लालतप्पड चौकी पुलिस क्षेत्र में लालतप्पड़ फनवैली के समीप हाईवे पर हुई।
बताया गया कि सुबह 4.30 बजे के आसपास दिल्ली से देहरादून मसूरी के लिए एक यात्री बस आ रही थी। लालतप्पड़ फनवैली के समीप हाईवे पर अनियंत्रित होकर एक ओर जाकर पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही लालतप्पड़ चौकी प्रभारी विकेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गए और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्कयू शुरू किया।
कोतवाल मनोज मेनवाल ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में चालक और परिचालक समेत 17 यात्री सवार थे।
बताया कि कुछ सवारियां हरिद्वार में उतर गई थी। दुघर्टना में सारिका नेगी (21) निवासी पोखरखाल टिहरी गढ़वाल, शिखा (23) निवासी पुरुकुल गांव देहरादून मनीषा रावत (23) निवासी देहरादून और अभिजित (31) निवासी भीलवाड़ा राजस्थान घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार के लिए तत्काल एम्स ऋषिकेश भेजा गया। इसके अलावा शिवानी गर्ग निवासी मसूरी और निशांत फरीदाबाद हरियाणा को चोटें आई थी। उनको आपातकालीन वाहन में ही उपचार दे दिया गया। शेष सवारियों को बेहद मामूली चोटें आई थी। कोतवाल ने बताया कि चालक को नींद की झपकी आ आने से एक ओर जाकर बस पलट गई थी।