गैरसैंण सत्र: 'पहले उधार चुकाओ तब मिलेगा सत्र के लिए सामान'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गैरसैंण विधानसभा सत्र में उधारी का अड़ंगा लग गया है। स्थानीय व्यवसायी सत्र के लिए कोई भी समान देने से साफ मना कर रहे हैं। कारण पिछले सत्र का लाखों रुपये का बकाया आज तक उन्हें नहीं मिला।
गैरसैंण विधानसभा सत्र अगले माह है ऐसे में व्यवसायियों के इस रुख से चमोली जिले के अफसरों की नींद उड़ गई है। डीएम चमोली अशोक कुमार ने इस संबंध में मुख्य सचिव राकेश शर्मा को पत्र भेजा है।
पत्र में कहा गया है कि अगर भुगतान न हुआ तो सितंबर में आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र की व्यवस्था में परेशानी हो सकती है। बताया जा रहा पिछले सत्र का करीब साढ़े तीस लाख रुपये उधारी है।
डीएम चमोली ने मुख्य सचिव को भेजा पत्र
मंत्रियों और अफसरों का अमला अगले महीने गैरसैंण विधानसभा सत्र में शिरकत की तैयारी में है, लेकिन जिस व्यवस्था के तहत यह सत्र चलना है उसके मिलने में उधारी का अड़ंगा लग रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले साल गैरसैंण के विधानसभा सत्र का आयोजन उधारी में ही किया गया था। लेकिन सरकार ने आज तक टेंट वाले, फिलिंग स्टेशन और होटल संचालकों आदि की उधारी नहीं चुकाई। ऐसे में ये व्यवसायी विधानसभा सत्र के लिए कोई सामान देने से पहले बकाया राशि मांग रहे हैं।
बकाया नहीं मिलने पर सत्र में सहयोग करने से मना कर रहे हैं। शासन में डीएम चमोली के पत्र पहुंचने के बाद हड़कंप जैसी स्थिति है। अफसरों ने जल्दी-जल्दी फाइल आगे बढ़ानी शुरू कर दी है।
जानिए, क्या है पूरा मामला
2014 में गैरसैंण में विधानसभा सत्र 9 जून से 12 जून तक चला था। इस सत्र का 30 लाख, 42 हजार, 427 रुपये उधारी बाकी है। यह ब्योरा जिलाधिकारी चमोली ने भेजा है। इसमें एसडीएम थराली का भी साढ़े चार हजार रुपये शामिल है।
यह खर्च एसडीएम ने माननीय अतिथियों के चाय-पानी पर खर्च किया था। सबसे अधिक कर्ज लोक निर्माण विभाग की ओर से दिखाया गया है। इसमें 28 लाख रुपये की उधारी है।
विभाग ने यह खर्च पहुंच मार्ग, हैलीपैड, टेंट, स्थल विकास, निरीक्षण भवन के रंग-रोगन और मरम्मत, बेरीकेडिंग आदि पर खर्च किया था।
डीएम बोले
ये मामला शासन के संज्ञान में ला दिया है। 17 अगस्त को शासन में हुई बैठक में व्यवसायियों के बकाये के संबंध में चर्चा हुई थी। इस पर कार्रवाई हो रही है।
-अशोक कुमार डीएम चमोली