पांच दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के दूसरे दिन की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम से सजी रही। बंगाली समाज की ओर से शहर में कई जगह आयोजित पूजा महोत्सव में रविवार को रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे पहले सुबह पुष्पांजलि के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
उत्तरायण काली बाड़ी पूजा समिति की ओर से आराघर स्थित मॉडल कालोनी में आयोजित 42वें पूजा महोत्सव में शाम आरती और धुनुची नृत्य के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समिति की अध्यक्ष शिवानी दत्ता ने बताया कि सोमवार (आज) को महाअष्टमी और चार अक्तूबर को नवमी के दिन शाम को आरती और धुनुची नृत्य का आयोजन किया जाएगा, जबकि दशमी के दिन पांच अक्तूबर को सिंदूर उत्सव सुबह 10 बजे से शुरू होगा। दोपहर में मूर्ति विसर्जन के साथ नवरात्र महोत्सव का समापन होगा। उधर, दुर्गा पूजा समिति, रायपुर की ओर से आयुध निर्माणी एस्टेट में आयोजित पूजा महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
प्रेमनगर में जलेगा 55 फीट ऊंचा रावण
धर्मशाला समिति एवं दशहरा कमेटी की ओर से विजयदशमी पर प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 55 फीट ऊंचे रावण के साथ ही 50 फीट ऊंचे मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले का भी दहन किया जाएगा। संयोजक राजीव पुंज व रवि भाटिया ने बताया कि विजयदशमी पर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन होगा। लंका दहन आतिशबाजी के साथ भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। इस दौरान विक्की खन्ना, चरणजीत भाटिया, किशोर लूथरा, फकीरचंद, विनोद कुमार, राजेश भाटिया आदि मौजूद रहे।