भाई-बेटों संग मिलकर ग्राम प्रधान चलाता है 'गुंडाराज'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊधमसिंह नगर के जसपुर में एक ग्राम प्रधान ने चुनावी रंजिश को लेकर खुलेआम गुंडागर्दी दिखाई। उसने अपने दो पुत्रों और एक अन्य युवक के साथ दो भाइयों पर लाठी-डंडे और तलवार से हमला कर दिया।
हमले में एक भाई का हाथ गंभीर रुप से जख्मी हो गया तो दूसरे भाई की अंगुली कट गई। फिर उनके ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। बाद में ग्राम प्रधान ने इस मामले में गवाह युवक पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया और उससे ढाई लाख रुपए लूट लिए।
पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम मलपुरी निवासी सूबा सिंह ने बताया कि 18 नवंबर की शाम साढ़े पांच बजे उसके पुत्र अवतार सिंह और सतनाम सिंह ट्रैक्टर से जुताई करके घर लौट रहे थे।
गांव के पास रास्ते में घात लगाए बैठे ग्राम प्रधान रणजीत सिंह उर्फ लाहौरी, उसके पुत्र हरदीप सिंह, गुरुसेवक सिंह और एक अन्य कुलवंत सिंह निवासी मनोरथपुर ने लाठी-डंडे, तलवार से हमला कर दिया।
इससे एक पुत्र का हाथ और दूसरे पुत्र की अंगुली कट गई। इसके बाद चारों ट्रैक्टर में तोड़फोड़ और फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
खंगाली जाएगी बैंक की सीसीटीवी फुटेज
घायलों के पिता ने बताया कि दोनों के हाथों की प्लास्टिक सर्जरी कराई जा रही है। पिता ने इस मामले में जब इस मामले में पलविंदर सिंह निवासी ग्राम भोगपुर को गवाह बनाया तो ग्राम प्रधान ने उस पर हमला कर दिया।
पलविंदर सिंह भी रिपोर्ट कराकर कहा कि रणजीत सिंह व उसके पुत्रों ने गवाही देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। 20 नवंबर को उसने बैंक से ढाई लाख रुपए निकाले।
उसी समय ग्राम प्रधान रणजीत सिंह और उसके पुत्रों ने हमला बोल कर हाथ व नाक पर चाकू मारकर घायल कर दिया और ढाई लाख रुपए छीन कर फरार हो गए।
कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि घटना भारतीय स्टेट बैंक की शाखा पतरामपुर की बताई गई है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवाई जा रही है। घटना की पुष्टि होने पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों घटनाओं में चुनावी रंजिश है। सूबा सिंह पूर्व प्रधान हैं वह इस बार भी चुनाव लड़े थे। जबकि रणजीत सिंह चुनाव जीत गए थे।