रेप के लिए युवती को थर्ड एसी के टॉयलेट में दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से देहरादून आ रही मसूरी एक्सप्रेस के एसी थ्री टायर कोच के शौचालय में रविवार की रात गढ़वाल की एक युवती से नजीबाबाद निवासी एक युवक ने बलात्कार का प्रयास किया। युवती के चिल्लाने पर यात्रियों ने शौचालय का दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला और आरोपी युवक को दबोचकर गजरौला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के हवाले कर दिया। मामले में युवती की ओर से जीआरपी पुलिस चौकी गजरौला में तहरीर दी गई है। युवक को हिरासत में ले लिया गया है।
मसूरी एक्सप्रेस के कोटद्वार वाले एसी थ्री टायर कोच में दिल्ली से एक युवती और उसकी मां सवार हुए। 64 यात्रियों की क्षमता वाले इस कोच में कुछ सीटें खाली थीं जिसमें जनरल टिकट लेकर नजीबाबाद निवासी एक युवक विकार अहमद भी सवार हो गया।
गाजियाबाद में उसने टीटी जगदीश प्रसाद से एसी थ्री टायर का टिकट बनवा लिया। गाजियाबाद से जैसे ही ट्रेन गजरौला की ओर बढ़ी, सभी लोग खाना खाने लगे। नजीबाबाद निवासी यह युवक कोच में शराब पीने लगा। इस बीच युवती शौचालय गई तो आरोपी युवक शौचालय के बाहर खड़ा हो गया, युवती जैसे ही बाहर आई तो युवक ने उसे शौचालय के अंदर खींच लिया।
दरवाजा अंदर से बंद कर दिया
युवती ने डटकर उसका मुकाबला किया। युवती के चीखने की आवाज सुनकर सभी यात्री उधर दौड़े। तब तक युवक ने शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया था। यात्रियों ने दरवाजा तोड़कर युवती को बाहर निकाला और युवक को आरपीएफ के जवानों के हवाले कर दिया।
इस बीच ट्रेन करीब एक घंटे रुकी रही। युवती की मां और कई परिजन रेलवे में ही नौकरी करते हैं। उन्होंने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जिस पर रेलवे पुलिस हरकत में आई। बाद में युवती ने भी गजरौला स्टेशन पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ जीआरपी चौकी में तहरीर दी।
इसी कोच में बैठे लैंसडौन के जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ले. कर्नल अनिल बाधवा ने बताया कि युवती का परिवार दिल्ली में ही रहता है। वे शादी में शामिल होने कोटद्वार आ रहे थे। घटना के बारे में सोमवार को मुरादाबाद के डीआरएम सुधीर अग्रवाल के मोबाइल पर कई बार संपर्क साधा गया, लेकिन उनके संपर्क नहीं हो सका।