हरिद्वारः कावड़ियों के वेश में चंदा मांगने आए और डाल दी डकैती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के ज्वालापुर में कांवड़ियों के वेश में बदमाशों ने रिटायर्ड वैज्ञानिक के घर दिनदहाड़े डकैती डाली। तमंचे के बल पर बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति को बंधक बना पूरा घर खंगाल डाला।
विरोध करने पर बदमाशों ने रिटायर्ड वैज्ञानिक को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। उसके बाद पत्नी के कानों से कुंडल और शोर सुनकर मौके पर पहुंची पड़ोसी महिला की अंगूठी छीन कर भाग निकले।
सिंचाई अनुसंधान केंद्र रुड़की (आईआरआई) से रिटायर्ड वैज्ञानिक केदार सिंह यादव ज्वालापुर की हरिलोक कालोनी में रहते हैं। बुधवार को केदार सिंह यादव और उनकी पत्नी प्रकाशवती घर पर थे। इसी बीच कांवड़ वेशधारी दो लोगों ने दरवाजे पर लगी घंटी बजाई।
बदमाशों का कहीं पता नहीं चला
केदार यादव दरवाजे पर पहुंचे तो दोनों लोग कांवड़ का चंदा मांगने की बात कहते हुए अंदर घुस आए। पलक झपकते ही उन्होंने तमंचा निकाला और बट से केदार सिंह यादव के सिर पर हमला करते हुए बंधक बना लिया। आवाज सुनकर दूसरे कमरे से उनकी पत्नी प्रकाशवती कमरे में पहुंची।
बदमाशों ने उन्हें भी काबू में कर लिया। धक्का-मुक्की के दौरान एक बदमाश ने चाकू निकाल लिया। हाथापाई में चाकू केदार सिंह के हाथ पर लगा और लहूलुहान हो गए। दंपति के शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाली महिला स्वाति दौड़कर घर पहुंची और अंदर का नजारा देखकर होश उड़ गए। बदमाशों ने प्रकाशवती के कानों से कुंडल और पड़ोस की महिला स्वाति के हाथ से सोने की अंगूठी छीन ली और फरार हो गए।
सूचना पर ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी डीएस रावत, एसएसआई कमल मोहन भंडारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के बाद सराय रोड और हाइवे पर कॉबिंग की। लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चला। कोतवाली प्रभारी डीएस रावत का कहना है कि कांवड़ वेश में आए दो बदमाशों ने कुंडल लूटे हैं, तहरीर पर जांच की जा रही है। पीड़ित दंपति ने बताया अंदर घुसे बदमाशों के पांच-छह साथी बाहर खड़े थे।
पीड़ित बोले डकैती, पुलिस बता रही लूट
कांवड़ वेशधारी बदमाशों ने दिनदहाड़े जिस तरह डकैती को अंजाम दिया है। उससे माना जा रहा है कि बदमाश किसी डकैती में पारंगत गिरोह के सदस्य रहे होंगे। उन्होंने करीब 70 वर्षीय रिटायर्ड वैज्ञानिक पर तमंचे की बट और चाकू से हमला किया।
पीड़ित परिवार के मुताबिक अंदर घुसे बदमाशों के कई साथी बाहर मौजूद थे। उनकी संख्या पांच से छह हो सकती है। वहीं पुलिस घटना को सिर्फ कुंडल लूट के रूप में देख रही है।
चप्पे चप्पे पर मौजूद है पुलिस
कांवड़ मेले के मद्देनजर गंगनहर पटरी और हरिद्वार दिल्ली हाईवे पर चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात है। पुलिस और पीएसी के अलावा कई जगह सीमा सुरक्षा बल के जवान भी तैनात किए गए हैं।
मंडी चौराहे और ज्वालापुर तिराहे पर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं। भारी सुरक्षा के बीच बदमाश कांवड़ वेश का फायदा उठाकर आसानी से वारदात कर फरार हो गए।