पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर रिश्तेदारों संग गाड़ी में बैठाकर 300 किलोमीटर घुमाया, इसके बाद...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में एक पति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसकी लाश को रिश्तेदारों के साथ गाड़ी में बैठाकर 300 किलोमीटर दूर तक घुमाया। जानिए आगे क्या हुआ।
दिल्ली में पत्नी की हत्या कर शव मसूरी में लाकर फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर आरोपी की निशानदेही पर शव को करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई से बरामद कर लिया है।
प्रीतमपुरा, दिल्ली निवासी ललित जैन ने रानीबाग थाने में पत्नी सिल्की की गुमशुदगी दर्ज करा पुलिस से उसकी तलाश करने की मांग की। वहीं अचानक सिल्की के गायब होने की बात उसके मायके वालों के गले नहीं उतरी।
वो भी पुलिस स्टेशन पहुंच गए और ललित पर ही शक जता मामले की विस्तृत जांच की मांग की। इसके बाद सकते में आई दिल्ली पुलिस ने जब ललित से पूछताछ की तो वो कई सवालों के जवाब नहीं दे पाया।
जुर्म किया कबूल
इस पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मसूरी कोतवाली के एसआई आरएन पुरोहित के अनुसार आरोपी ने पुलिस को बताया कि तीन दिसंबर को उसने अपने दो रिश्तेदारों के साथ दिल्ली स्थित घर में ही पत्नी सिल्की की हत्या कर दी थी।
इसके बाद तीनों ने शव को एक पोटली में बांधा और कार में रखकर मसूरी आ गए, यहां करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में शव को धकेल दिया। तीनों आरोपी वापस दिल्ली लौटे और आठ दिसंबर को ललित ने रानीबाग थाने में सिल्की की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
वहीं, शुक्रवार को खाई से शव बरामद कर पुलिस पोस्टमार्टम कराने के लिए देहरादून ले गई। हालांकि दिल्ली पुलिस ने मामले में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया, लेकिन लोकल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ललित से सिल्की की शादी करीब सात साल पहले हुई थी।
हत्या क्यों की गई, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। हत्याकांड में शामिल पति समेत तीनों आरोपी दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं