Uttarakahnd: पुलिस महानिदेशक ने किया लोगों को आगाह, कोरोना से बचने को 15 दिन सावधानी जरूरी
- डीजी (अपराध) ने लोगों को किया आगाह, कोरोना प्रभावित क्षेत्र से आने वालों को क्वारंटीन नियमों का पालन करने की हिदायत
- पुलिस नियमों की अनदेखी करने वालों पर दर्ज करे मुकदमा
विस्तार
उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (अपराध) अशोक कुमार ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए आगामी 15 दिन तक लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी। कहा कि यदि सतर्कता नहीं बरती तो इस संक्रमण को रोकना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वालों और मास्क न पहनने वालों के खिलाफ पुलिस से मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
डीजी (अपराध) अशोक कुमार ने कोरोना संक्रमण से बचने की नई चुनौतियों को लेकर सोशल साइट पर लोगों के सवालों के जवाब दिए। कहा कि कोरोना से लड़ाई में जमातियों की पहली चुनौती पार करने में पुलिस-प्रशासन कामयाब रहे। 41 जमातियों में कोरोना संक्रमण पाया गया था, जो अब ठीक होकर अपने-अपने घरों को जा चुके हैं। तीसरे चरण में उत्तराखंड प्रवासियों को लाने और दूसरे राज्यों के लोगों को भेजने की प्रक्रिया चल रही है। दो लाख सात हजार लोगों ने प्रदेश में आने की इच्छा जताई है।
इनमें से 70 हजार को ट्रेन और बसों के माध्यम से लाया जा चुका है। अन्य को 8-10 दिन में बुला लिया जाएगा। डीजी ने कहा कि काफी लोग कोरोना प्रभावित राज्यों से आ रहे हैं। इनके संक्रमित होने का खतरा है। ऐसे में अगले 15 दिन तक अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।
कोरोना संक्रमित की पहचान करना मुश्किल है। ऐसे में बिना काम के घर से बाहर न निकलें। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों और उनके परिवारों की भी जिम्मेदारी है कि वह 14 दिन तक क्वारंटीन रहकर नियमों का पालन करें।