Lockdown Uttarakhand: क्वारंटीन सेंटर के लिए चार हॉस्टलों का अधिग्रहण, सोशल डिस्टेंसिंग न रखने पर 898 दुकानदारों को नोटिस
- डीआईजी की नाराजगी के बाद हरकत में आई पुलिस, धारा 188 के तहत मुकदमे की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना से लड़ाई के लिए प्रशासन की तैयारियां जारी हैं। लोगों को क्वारंटीन किए जाने के लिए शुक्रवार को चार हॉस्टलों का अधिग्रहण किया गया है। इससे पहले प्रशासन जिले में 30 सरकारी और गैर सरकारी भवनों का अधिग्रहण क्वारंटीन सेंटर और राहत शिविरों के रूप में कर चुका है।
जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हॉस्टल कंडोली क्षेत्र के हैं। इनमें ब्लैसिंग होम, एवलोन रॉयल, आशियाना ग्रांट और एनएसटीआई शामिल हैं। अभी तक पास चार हजार से ज्यादा लोगों को क्वारंटीन करने के लिए कमरों और बेड की व्यवस्था की जा चुकी है। इनमें से कई हॉस्टलों और होटलों में लोगों को क्वारंटीन किया भी गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभी तक प्रशासन ने काफी तैयारियां कर ली हैं। इन आधारभूत जरूरतों के अलावा प्रशासन राशन, दूध, भोजन आदि की व्यवस्था भी कर रहा है।
डॉक्टरों के लिए है अलग व्यवस्था
जो डॉक्टर कोरोना मरीजों और संदिग्धों का इलाज कर रहे हैं, उनके ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। अभी तक दून अस्पताल, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, जौलीग्रांट अस्पताल और एम्स ऋषिकेश में इलाज किया जा रहा है। ऐसे में इन अस्पतालों के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के लिए वहां आश्रम और होटलों का अधिग्रहण कर लिया गया है, ताकि यदि कोई संक्रमित हो भी तो उसके परिवारों में न फैलने पाए।
सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी पर डीआईजी की नाराजगी के बाद
शुक्रवार को पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने पहले दिन ही 898 दुकानदारों को नोटिस थमा दिए। सोशल डिस्टेंस और दुकान के बाहर गोले न बनाने पर मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई हैं। इससे घबराए कुछ दुकानदारों ने समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दी।
डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने लॉकडाउन में दुकानदारों के सोशल डिस्टेंस आदि नियमों का पालन न करने पर कड़ी नाराजगी जताई थी। इसी के बाद गेलोड बेकर्स और तीन बुक सेलर मालिकों के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे।
पुलिस शुक्रवार को नियमों का पालन कराने सड़कों पर उतर गई। दुकानदारों से नाराजगी जताने के साथ नोटिस थमा दिए। पुलिस के इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इससे घबराकर कई दुकानदार तो अपनी दुकानें बंद कर अपने घर चले गए।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि शहर कोतवाली ने 92, कैंट में 74, वसंत विहार में 75, डालनवाला में 82, नेहरू कॉलोनी में 84, रायपुर में 193, क्लेमेंटटाउन में 15, पटेलनगर में 77, प्रेमनगर में 75, राजपुर में 25 और मसूरी में 106 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। यदि अब सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं होता मिला तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
देहरा खास में हंगामा करने वाला अस्पताल में भर्ती
देहरा खास में हंगामा करने वाले युवक आदिल का अस्पताल में उपचार चल रहा। पुलिस का कहना है कि अत्यधिक नशा होने के कारण वह रात भर उलटी करता रहा। छुट्टी के बाद ही उसके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
पटेलनगर के देहरा खास में नशे में धुत युवक ने घर मे घुसने का प्रयास किया था। लोगों ने घेरा तो आरोपी ने थूकते हुए खुद को कोरोना का मरीज बताकर सनसनी फैला दी थी। इसके बाद लोगों ने सड़क पर आकर उसकी घेराबंदी कर ली थी। इसी बीच युवक बेहोश होकर सड़क पर गिर गया था। दहशत में लोग अपनी घरों की छतों पर चढ़ गए थे। तीन घंटे के हंगामे के बाद 108 की मदद से देर रात उसे दून अस्पताल भर्ती कराया गया था।
पुलिस का कहना है कि उल्टी किए जाने के कारण अभी उसका उपचार चल रहा हैं। कोरोना की किसी तरह के लक्षण अभी तक सामने नहीं आए है। ऐसा लगता हैं कि लोगों की पिटाई से बचने को आरोपी ने ये प्रपंच किया था।