Corona In Uttarakhand: जरूरी सेवाओं को छोड़कर आज बंद रहे देहरादून के बाजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में साप्ताहिक बंदी का दिन पूरी तरह से शांतिपूर्वक बीत गया। इस दौरान पुलिस शहर क्षेत्र के बाजारों से लेकर पर्यटन स्थलों के आसपास भी तैनात रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविवार को बंदी के दिन किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई करने की नौबत नहीं आई। हालांकि, दे रात तक अधिकारी मामले में अपडेट लेने में लगे थे।
दरअसल, पहले भी यह बात देखने में आई थी कि बंद के दौरान लोग पर्यटन स्थलों का रुख कर लेते हैं। लॉकडाउन के दौरान ऐसे कई स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए एसपी सिटी श्वेता चौबे के निर्देश पर पुलिस को पर्यटन स्थलों पर तैनात किया गया था। शहर के सभी 10 थानों में पड़ने वाले पर्यटन स्थलों के बाहर किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि सभी जगहों पर पुलिस मुस्तैद रही।
इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर सारे प्रतिष्ठान बंद रहे। इसकी निगरानी करने के लिए जगह-जगह पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस बात की नौबत ही नहीं आई कि किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह के लिए भी पुलिस इसी तरीके पर काम करेगी।
लक्सर में कड़ाई से होगी साप्ताहिक बंदी, प्रशासन ने कराई मुनादी
फिर कोविड-19 के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने लक्सर में साप्ताहिक बंदी लागू कराए जाने के आदेश जारी किए हैं। नगरपालिका लक्सर के अधिकारियों ने बताया कि कस्बे में मुनादी कराकर इसकी जानकारी दे दी गई है। आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छोड़कर बाकी सभी दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों त्योहारी सीजन के चलते साप्ताहिक बंदी में भी दुकानदारों को दुकान खोलने की छूट दे दी गई थी, लेकिन अब जहां एक तरफ त्योहारी सीजन खत्म हो गया है, वहीं दूसरी ओर कोविड-19 के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं।
इसे देखते हुए जिलाधिकारी सी रविशंकर ने साप्ताहिक बंदी को फिर से लागू कराए जाने के आदेश दिए थे। कई दिन पहले जिलाधिकारी ने कस्बे में सोमवार को साप्ताहिक बंदी किए जाने का दिन निर्धारित किया था। एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि जिलाधिकारी ने कस्बे में सोमवार को पूर्णत: बंदी रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि केवल मेडिकल स्टोर, चिकित्सकों के क्लीनिक और जरूरी वस्तुओं की दुकानों को छूट दी गई है।
इसी के साथ हेयर सैलून की दुकानें भी खोली जाएंगी। उन्होंने बताया कि इनका भी समय केवल सात बजे तक निर्धारित किया गया है, लेकिन उसके बाद भी अगर कोई दुकान खोलता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी मोहम्मद गौहर हयात ने बताया कि बाजार में बंदी के दिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा कस्बे में इसकी जानकारी मुनादी कराकर दे दी गई है।