Corona in Uttarakhand: 400 नए संक्रमित मिले, 14 की मौत, मरीजों का आंकड़ा 53 हजार पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में अनलॉक-5 के बाद कोरोना संक्रमितों की रफ्तार धीमी हुई है। वहीं, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में तेजी आई है। बीते 24 घंटे में 400 संक्रमित मामले सामने आए हैं। वहीं, संक्रमितों की तुलना में दोगुने से ज्यादा 904 मरीज ठीक हुए हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 53 हजार पार गया है। मरने वालों की संख्या 700 से अधिक हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को 11365 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, 400 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। हरिद्वार जिले में 76 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। देहरादून में 70, चमोली में 64, नैनीताल में 58, ऊधमसिंह नगर में 32, उत्तरकाशी में 23, पिथौरागढ़ में 22, रुद्रप्रयाग में 19, पौड़ी में 13, बागेश्वर में 10, चंपावत में 10 और टिहरी जिले में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अल्मोड़ा जिले में कोई संक्रमित नहीं मिला है। प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 53359 हो गई है।
यह भी पढ़ें: Corona in Uttarakhand: दून अस्पताल में मरने वाले 130 मरीजों में शुगर के 78 मरीज
प्रदेश में गुरुवार को 14 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। इसमें एम्स ऋषिकेश में तीन, महंत इंद्रेश हॉस्पिटल में एक, हिमालयन हॉस्पिटल में आठ, सुशीला तिवारी मेडिकल हल्द्वानी में दो संक्रमितों ने दम तोड़ा है। अब मरने वाले संक्रमित मरीजों की संख्या 702 हो गई है। वहीं, 904 मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया गया। इन्हें मिला कर 44535 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश की रिकवरी दर 83 प्रतिशत से अधिक हो गई है।
कोविड से लड़ने की शपथ लेंगे अधिकारी व कर्मचारी
पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में सरकारी अधिकारी व कर्मचारी शुक्रवार को कोविड महामारी से लड़ने की शपथ लेंगे। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने शासन और विभागों के सभी अधिकारियों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य सचिव ने कहा है कि कोविड-19 महामारी से बचाव के लिए प्रधानमंत्री के आह्वान पर जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसे सफल बनाए जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वे सुबह 11 बजे एक साथ शपथ लें। पत्र में शपथ का प्रारूप भी भेजा गया है। उन्होंने कहा कि दफ्तरों में यह शपथ वर्चुअल माध्यम या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दिलाई जाए।
ये होगी शपथ
अधिकारी व कर्मचारी कोविड-19 महामारी के बारे में सतर्क रहने और उससे जुड़े खतरे का हमेशा ध्यान रखने की शपथ लेंगे। वे वचन लेंगे कि घातक विषाण के प्रसार को रोकने के लिए वे सभी तरह की सावधानियां बरतेंगे। कोविड से जुड़े आचार व्यवहार का अनुसरण करेंगे और दूसरों को भी ऐसा करने को प्रोत्साहित करेंगे। शपथ लेंगे कि सार्वजनिक स्थलों पर सदैव मास्क, फेस कवर पहनेंगे। दूसरों से कम से कम दो गज की दूरी बनाएंगे। अपने हाथों को नियमित रूप से और अच्छी तरह साबुन और पानी से धोएंगे। साथ ही वचन देंगे कि कोविड के लक्षण महसूस होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लेंगे।
मुख्य सचिव कार्यालय में चार कोरोना संक्रमित
मुख्य सचिव कार्यालय में चार और कोरोना संक्रमित के मामले सामने आए हैं। इस कारण सुरक्षा के लिहाज से अगले 48 घंटे के लिए कार्यालय बंद रहेगा। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण मुख्य सचिव कार्यालय अब सोमवार को खुलेगा।
बता दें कि पिछले 15 दिनों में कोरोना संक्रमण के कारण मुख्यमंत्री कार्यालय दूसरी बार बंद करना पड़ रहा है। पिछली बार मुख्य सचिव के प्रमुख निजी सचिव कोरोना जांच में पॉजिटिव आए थे। एहतियात के तौर पर मुख्य सचिव के स्टाफ के अन्य कर्मचारियों के भी टेस्ट कराए गए। कोविड जांच में दो ड्राइवर, एक कंप्यूटर आपरेटर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
जांच रिपोर्ट आने के बाद सुरक्षा के लिहाज से मुख्य सचिव कार्यालय को बंद कर दिया गया। प्रभारी सचिव सचिवालय प्रशासन भूपाल सिंह मनराल ने मुख्य सचिव कार्यालय में चार लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव कार्यालय का सैनिटाइजेशन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य सचिवालय कार्यालय अब सोमवार को खुलेगा। मुख्य सचिव घर से ही कार्य करेंगे।
परिवहन आयुक्त कार्यालय भी बंद रहेगा
परिवहन आयुक्त कार्यालय में भी एक ड्राइवर के कोरोना पॉजिटिव का मामला सामने आया है। एहतियात के तौर पर कार्यालय को अगले 48 घंटे के लिए बंद रखा गया है। अब कार्यालय के सोमवार तक खुलने की संभावना है। पूर्व में भी कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने के बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय को बंद कर दिया गया था।