Coronavirus in Uttarakhand: नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश की रिपोर्ट पॉजिटिव, आज मैक्स में होंगी भर्ती
बुखार और निमोनिया के कारण सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटव आई है। डॉ. हृदयेश आज हेलीकॉप्टर से मैक्स देहरादून जाएंगी।
बुधवार को नेता प्रतिपक्ष को बुखार आया था। बृहस्पतिवार शाम को आरटीपीसीआर जांच कराई थी। शुक्रवार को डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद उनके सीने का सीटी स्कैन कराया गया। निमोनिया होने पर वह एसटीएच में भर्ती हो गईं थीं।
एआईसीसी सदस्य और डॉ. हृदयेश के पुत्र सुमित हृदयेश ने कहा कि रात करीब 9:30 बजे एसटीएच से नेता प्रतिपक्ष को प्राथमिक इलाज के बाद डिस्चार्ज करा लिया। बताया कि प्राइवेट रूम में गर्मी की वजह से बुरा हाल था।
शौचालय में दुर्गंध के कारण खड़े होना भी मुश्किल था। कहा कि जब प्राइवेट वार्ड का ऐसा हाल है तो शेष अस्पताल की हालत कैसी होगी अंदाज लगाया जा सकता है। बताया कि दवाएं खरीद लीं हैं और शनिवार को हेलीकाप्टर से उन्हें (इंदिरा को) मैक्स देहरादून लेकर जाएंगे।
एंटीजन रिपोर्ट आई थी निगेटिव
एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की एंटीजन रैपिड किट से कराई गई जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
हरिद्वार एसएसपी भी कोरोना संक्रमित
पुलिस महकमे के सिपाही और इंस्पेक्टरों के बाद अब एसएसपी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। हरिद्वार के एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने अपने आप को होम आइसोलेट कर दिया है।
जानकारी के अनुसार एसएसपी ने कुछ दिन पहले अपनी आरटीपीसीआर जांच करवाई थी। शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एसएसपी की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीएमओ एसके झा ने एसएसपी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि उनके संपर्क में आए अन्य अधिकारियों और सिपाहियों के सैंपल लिए जाएंगे। बता दें कि इससे पहले भी एसपी देहात, पीएसी के एएसपी और रेलवे के एसपी समेत कई थानाध्यक्ष भी संक्रमित हो चुके हैं। जिले में करीब 176 पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने के कारण ज्वालापुर, गंगनहर, सिविल लाइंस कोतवाली, पिरान कलियर और कनखल थाने भी पाबंद हो चुके हैं।