Coronavirus: नैनीताल में शुरू हुई बोटिंग, लेकिन बिना मास्क और लाइफ जैकेट के हो रहा नौकायन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुप्रसिद्ध पर्यटनगरी नैनीताल की नैनी झील में पांच माह से भी ज्यादा समय से बंद नौकायन शुरू होने से एक बार फिर से रौनक लौट आई है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच नैनीताल में भले ही नौकायन शुरू हो गया है, लेकिन कई नौका चालक कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे हैं।
नियमानुसार नौका चालकों को नावों को सैनिटाइज करने के साथ-साथ मास्क पहनना भी जरूरी है, लेकिन इन दो दिनों में कई नौकाचालक बगैर मास्क, फेस शील्ड और दस्ताने लगाए सैलानियों को नौका विहार कराते नजर आए।
कई सैलानी तो बगैर लाइफ जैकेट बोट में सवार नजर आए। नगर पालिका के ईओ अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि नौका चालकों को कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई इसका उल्लंघन कर रहा होगा तो कार्रवाई की जाएगी।
बेरोजगारों को राहत मिली
नौकायन शुरू होने से पांच माह से बेरोजगार बैठे नाव चालकों को राहत मिली है। झील में लाकडाउन के बाद से नौकायन बंद हो गया था। इसके चलते नाव चालकों पर आर्थिक संकट आ गया था। पालिकाध्यक्ष नेगी ने नाव चालक संघ को कोरोना संक्रमण तक टैक्स में पूरी तरह से छूट दी है।
22 मार्च से था बंद संचालन
नाव चालकों की रोजी-रोटी पर 22 मार्च के बाद से ही संकट छा गया था। कई बार समाजसेवी संस्थाओं ने इन लोगों को मदद जरूर दी लेकिन घर खर्च की दिक्कतें सामने रही थीं। हालांकि अब पर्यटन गतिविधियों के साथ नावों का संचालन पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया है।