उत्तराखंड: रुद्रपुर में कांग्रेस पार्षद का अपहरण, फोन पर फिरौती में मांगे 20 लाख रुपये
- मां की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस टीमों के साथ ही एसओजी भी जुटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के रुद्रपुर में दो दिन पहले घर में दुकान का किराया वसूलने की बात कहकर निकले कांग्रेसी पार्षद अमित मिश्रा का अपहरण हो गया है। अज्ञात बदमाशों ने पार्षद को जिंदा छोड़ने के एवज में परिजनों को कॉल कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश भी शुरू कर दी है। जिले की एसओजी समेत कई पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही हैं। प्रापर्टी के विवाद को पुलिस अपहरण की वजह मान रही है।
प्रीत विहार रुद्रपुर निवासी अमित मिश्रा वार्ड 21 से कांग्रेसी पार्षद हैं। बीते बुधवार की शाम वह परिजनों से दुकानों का किराया वसूलने की बात कहकर निकले थे। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे।
शुक्रवार को उनकी मां सविता मिश्रा पत्नी स्व. संतोष कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा स्कूटी से गया था। बेटे का देर शाम को फोन आया और उसने मोबाइल स्विच ऑफ होने की बात कही। इसके बाद न तो बेटा घर आया न उसका मोबाइल नंबर मिल रहा है।
देर रात उनके मोबाइल फोन पर 9557670102 नंबर से कॉल आया, जिसने उनके बेटे का अपहरण करने की बात कहकर उसे छोड़ने की एवज में 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी है।
सविता मिश्रा ने बताया दोबारा उस नंबर पर बात नहीं हो पाई। उनके बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस ने सुरक्षित बरामद करने की मांग की है। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया पार्षद की मां की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया जल्द पार्षद को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
बदमाशों के करीब पहुंची पुलिस
पार्षद का अपहरण की सूचना ने पुलिस के होश उड़ा दिए। उच्चाधिकारियों से लेकर सभी थाना, चौकी प्रभारी बदमाशों की तलाश में जुट गए हैं। एसओजी की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पार्षद की खोज में लगी है। सूत्रों के अनुसार अपहरण करने वाले बदमाशों के पुलिस करीब पहुंच गई है। इसमें स्थानीय युवक के शामिल होने का भी अंदेशा है।
परिजनों से मिलने पहुंचा पूर्व मंत्री बेहड़
पार्षद के अपहरण की सूचना पर पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ उसके परिजनों से मिले। उन्होंने बताया कि पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं शहर के अन्य पार्षदों ने पुलिस से लापता अमित मिश्रा को सकुशल बरामद करने की मांग की है। परिजनों को लापता अमित के घर नहीं आने पर अनहोनी का डर सता रहा है।