दीपावली और धनतेरस का त्योहार नजदीक आने के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। इलेक्ट्राॅनिक्स और इलेक्ट्रिकल्स सामान की दुकानें त्योहारी सीजन के रंग में नजर आ रही हैं। सामान के दाम में अधिक बढ़ाेत्तरी नहीं होने से ग्राहकों में खरीदारी के लिए उत्साह नजर आ रहा है। वहीं, व्यापारी भी पर्व पर होने वाले बेहतर व्यापार की उम्मीद से खुश नजर आ रहे हैं। शहर के बाजारों में इलेक्ट्रिकल्स के नए डिजाइन की रंग-बिरंगी लाइट की लड़ियों की धूम है। पाइप लड़ी, झरना लड़ी, इंडियन लड़ी, लेजर लड़ी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रही हैं। झरना लड़ी 500 से 700 रुपये तक बिक रही है। रिमोट लड़ी की कीमत 350 रुपये है। रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरने वाले बल्ब 80 से 150 रुपये तक में बिक रहे हैं। इसी प्रकार से इंडियन लड़ियों की कीमत 150 से 250 रुपये के बीच है। लेजर लड़ी 600 से 700 रुपये और फ्रेम लाइट की कीमत 250 रुपये से 350 रुपये तक है। इसके साथ ही बाजार में पलेन लड़ी उपलब्ध है, जिसकी कीमत 80 रुपये से 160 रुपये तक है। वहीं, दुकानों में झूमर की मांग भी ग्राहक अधिक कर रहे हैं। बात अगर इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की हो तो इस बार बाजार में ग्राहकों के लिए आकर्षक ऑफर की भरमार है। फ्रिज, एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, रसोई चिमनी, गीजर, इनवर्टर और आरओ में भारी छूट और साथ में फ्री गिफ्ट भी ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। इस क्रम में सिंगल डोर फ्रीज 20 प्रतिशत की छूट में 11000 हजार रुपये, डबल डोर फ्रिज 20 प्रतिशत छूट लगाकर 25000 रुपये में उपलब्ध है। एलईडी टीवी में भी 20 प्रतिशत, वाशिंग मशीन में 32 प्रतिशत, रसोई चिमनी में 50 प्रतिशत, एसी में 40 प्रतिशत, गीजर में 20 से 40 प्रतिशत, इनवर्टर और आरओ में 40 प्रतिशत की छूट मिल रही है।