'चौकीदार ही चोर' को लेकर लोगों में गुस्सा, कहा 'हमारे पेशे को तो गाली मत दीजिए'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चौकीदार रात को जागते रहो की आवाज बुलंद करने के साथ ही कॉलोनियों, बैंक और दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाले हुए यह अहसास कराते हैं कि हम पर भरोसा रखिए आप सुरक्षित हैं।
पर चुनाव के दौरान ‘चौकीदार चोर’ बोले जाने से यह लोग आहत हैं। इन लोगों का कहना है कि आपको सियासत करनी है करिए, एक दूसरे पर कीचड़ उछलना है उछालिए, लेकिन हमारे पेशे को तो गाली मत दीजिए। हालांकि पीएम के ‘मैं हूं चौकीदार’ अभियान से लोगों के बीच सम्मान बढ़ने से खुशी भी है। अमर उजाला संवाददाता अंकुर शर्मा की चौकीदारों से हुई बातचीत में ये बात सामने आई, पेश है बातचीत के कुछ अंश...
मैं कई सालों से बैंक की चौकीदारी कर रहा हूं। बैंक अधिकारी, जनता सभी को हम पर भरोसा है। अब जब ‘चौकीदार ही चोर’ का जुमला सियासी पार्टियां उछालती हैं तो लगता है कि हमारा मजाक उड़ाया जा रहा है। हालांकि पीएम के चौकीदार बनने से हममें उत्साह भी है।
- प्रकाश जोशी (पप्पू) चौकीदार इंडियन ओवरसीज बैंक
मालिक हमारे भरोसे ही लाखों की संपत्ति छोड़ जाता है। किसी भी पेशे को गाली नहीं देनी चाहिए, यह बात राजनेताओं को भी समझनी चाहिए। हां, नेताओं और जनता के नाम के आगे चौकीदार लगने से हमारे पेशे का महत्व बढ़ गया है।
- मदन सिंह, चौकीदार होटल निकट गोमती पुल
पीएम मोदी समेत भाजपा के कई दिग्गज भी बन गए चौकीदार
कांग्रेस ने 'चौकीदार ही चोर' नारे को बुलंद किया तो पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़ दिया। पीएम के चौकीदार जोड़ते ही भाजपा के दिग्गज रवि शंकर प्रसाद, राजनाथ सिंह, नीतिन गडकरी, पीयूष गोयल, अरुण जेटली समेत उत्तराखंड में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, यशपाल आर्य ने भी नाम के आगे चौकीदार शब्द जोड़ लिया। अलग-अलग पेशे से जुड़े कई लोगों ने भी अपने नाम के आगे चौकीदार लिख लिया है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाट्सएप पर चौकीदार को लेकर जंग छिड़ गई है। व्हाट्सएप पर 'हम भी हैं चौकीदार' नाम के ग्रुप बन गए हैं तो फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर पर लोगों ने अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़ रखा है।