उत्तराखंड: चारधाम यात्रा बहाल, मौसम खुला तो केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर ने भरी उड़ान
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि दो दिन भारी बारिश के कारण केदारनाथ हेली सेवा बाधित थी। बुधवार को मौसम साफ होते हुए केदारनाथ के लिए हेली सेवा को फिर से संचालित किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारी बारिश के बीच रुकी हुई चारधाम यात्रा फिर से सुचारू हो गई है। मौसम सामान्य होते ही यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार से केदारनाथ धाम यात्रा भी शुरू हो गई है। दो दिन बाद मौसम साफ होते ही केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू हो गई है। बुधवार को गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलीपैड से सात हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। 18 और 19 अक्तूबर को जिन यात्रियों ने हेली टिकटों की बुकिंग कराई थी। पहले उन्हें केदारनाथ भेजा गया। अब तक लगभग 14 हजार तीर्थ यात्रियों ने हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंच कर दर्शन किए।
चारधाम यात्रा 2021: केदारनाथ में तीर्थयात्रियों से हो रही मनमानी वसूली, पानी की बोतल 200 रुपये, कमरे का किराया नौ हजार
जिन यात्रियों ने 18 व 19 अक्तूबर को हेली सेवा की टिकट बुक कराई थी। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पहले हेलीकॉप्टर से केदारनाथ दर्शन के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ रहने पर प्रतिदिन एक हजार से 1200 तक यात्रियों को हेली सेवा से केदारनाथ जाने की क्षमता है। लेकिन दो दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट होने के कारण हेली सेवा का संचालन बाधित रहा है।
चारधाम यात्रा 2021: तीन दिन बाद भी नहीं खुल सका बदरीनाथ हाईवे, 3000 तीर्थयात्री फंसे, तस्वीरें
इस बार कोविड महामारी के कारण चारधाम यात्रा 18 सितंबर से शुरू हुई थी। जबकि केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी, फाटा हेलीपैड से हेली सेवा का संचालन एक अक्तूबर से शुरू हुआ है। सात कंपनियों के माध्यम से हेली सेवा का संचालित की जा रही है। अब तक 14 हजार यात्री हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंच कर दर्शन कर चुके हैं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी ने किए केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन
महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने बुधवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। बृहस्पतिवार को वे सीमांत गांव माणा का भ्रमण करेंगे। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी बुधवार सुबह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार की पूजा अर्चना की। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने राज्यपाल से मुलाकात कर देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग उठाई। इसके बाद राज्यपाल दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे। भीमपुल और मां सरस्वती मंदिर के दर्शन करने के बाद शाम को बदरीनाथ मंदिर में संध्याकालीन आरती में शामिल हुए।
देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी बृहस्पतिवार को सीमांत गांव माणा का भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी, देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह, धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, प्रभारी मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, सत्येंद्र चौहान, हरीश जोशी, मंजेश भुजवाण आदि मौजूद थे।