चारधाम यात्रा 2021: केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के ऑनलाइन दर्शन की सेवा शुरू
कोरोना संक्रमण बढ़ने के चलते सरकार ने चारधाम यात्रा को स्थगित कर दिया है। इसके चलते सरकार ने देश दुनिया के तीर्थयात्रियों के लिए ऑनलाइन दर्शन की सुविधा दी है।
विस्तार
कोरोना महामारी में देश-दुनिया के तीर्थ यात्री व श्रद्धालु केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के ऑनलाइन दर्शन कर सकेंगे। सोमवार को बाबा केदार के कपाट खुलते ही उत्तराखंड देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन दर्शन की सुविधा शुरू कर दी है लेकिन ऑनलाइन पूजा नहीं होगी। इस पर तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर के अंदर गर्भगृह की वीडियो को लेकर आपत्ति जताई है।
बदरीनाथ धाम: 20 कुंतल फूलों से सजा बदरी विशाल का धाम, कल खुलेंगे मंदिर के कपाट, देखें तस्वीरें...
यमुनोत्री, गंगोत्री धाम के बाद सोमवार को बिना श्रद्धालुओं की मौजूदगी में केदारनाथ धाम के कपाट खुल गए हैं। जबकि बदरीनाथ धाम के कपाट 18 मई को खुलेंगे। उत्तराखंड देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड ने देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए केदारनाथ धाम के कपाट खुलते ही ऑनलाइन दर्शन की सुविधा शुरू कर दी है।
उत्तराखंड : आज खुले केदारनाथ धाम के कपाट, केवल रावल, मुख्य पुजारी व डीएम रहे मौजूद, तस्वीरों में करें पावन दर्शन
बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्त गढ़वाल रविनाथ रमन ने कहा कि मंगलवार को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही ऑनलाइन दर्शन शुरू हो जाएंगे। दोनों धाम में ऑनलाइन पूजा नहीं होगी। पिछले साल बोर्ड बैठक में ऑनलाइन पूजा का प्रस्ताव रखा गया था। जिस पर तीर्थ पुरोहितों ने मंदिर के गर्भगृह की वीडियो प्रसारित करने पर आपत्ति जताई थी।
इसके बाद जल्द ही गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। कोरोना के कारण पूना से उपकरण आने में देरी हो रही है। केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के ऑनलाइन दर्शन देवस्थानम बोर्ड और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की वेबसाइट पर जाकर सकते हैं।
सतपाल महाराज ने किए केदारनाथ धाम के ऑनलाइन दर्शन
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ धाम के कपाट सोमवार को विधि विधान के साथ मेष लग्न और पुनर्वसु नक्षत्र में सुबह पांच बजे खोले गए। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ धाम के ऑनलाइन दर्शन किए।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया सुबह तीन बजे से शुरू हुई थी। रावल, मुख्य पुजारी व देवस्थानम बोर्ड के पदाधिकारियों के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मिल कर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मंदिर के मुख्य द्वार के कपाट खोले। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देख देश-दुनिया के तीर्थयात्रियों के लिए चारधाम यात्रा को स्थगित किया गया है।
कोरोना से स्थिति सामान्य होने के बाद सरकार चारधाम से जुड़े व्यापारियों, अधिकारियों के साथ चर्चा कर तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा का संचालन किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना की वैक्सीन लगाकर हम देश सेवा में अपना योगदान दे सकते हैं। अपनी बारी आने पर कोरोना का टीका अवश्य लगाएं।