चारधाम यात्रा 2021: बसों और टैक्सियों की बुकिंग में आई तेजी, केदारनाथ के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा
Chardham Yatra 2021: उत्तराखंड परिवहन महासंघ अध्यक्ष सुधीर राय के मुताबिक महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना समेत देश के दूसरे राज्यों से तीर्थयात्रियों के साथ ही ट्रैवल एजेंसियों के संचालक बड़ी संख्या में बसों की बुकिंग करा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चारधाम यात्रा शुरू होने के साथ ही उत्तराखंड के अलावा दूसरे राज्यों के तीर्थयात्रियों ने भी देवभूमि की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। पिछले दो दिनों में 300 से अधिक बसों की बुकिंग हो चुकी है। टैक्सी बुकिंग को लेकर भी यही स्थिति है।
चारधाम यात्रा 202: दो दिन में 42 हजार ई-पास जारी, केदारनाथ में दर्शन की बुकिंग फुल, बदरीनाथ के लिए हेली सेवा शुरू
उत्तराखंड परिवहन महासंघ अध्यक्ष सुधीर राय के मुताबिक महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना समेत देश के दूसरे राज्यों से तीर्थयात्रियों के साथ ही ट्रैवल एजेंसियों के संचालक बड़ी संख्या में बसों की बुकिंग करा रहे हैं। फिलहाल दो दिनों में 300 से अधिक बसों की बुकिंग कराई जा चुकी है। वैसे तो मई, जून में चारधाम यात्रा का पीक सीजन रहता है और इसी सीजन में ही बसों की भारी मांग रहती है।
दूसरी ओर टैक्सी की बुकिंग में भी तेजी आ गई है। जयश्री बालाजी टूर एंड ट्रेवल्स के संचालक विशेष गर्ग के अनुसार दो दिनों में 50 गाड़ियों की बुकिंग हो चुकी है। चारधाम यात्रा की शुरुआत से आर्थिक संकटों का सामना कर रहे बस, टैक्सी संचालकों को राहत मिलेगी।
टैक्स माफी की मांग
उत्तराखंड परिवहन महासंघ ने सरकार, शासन से वाहनों का रोड टैक्स माफ करने की मांग की है। अध्यक्ष सुधीर राय का कहना है कि परिवहन विभाग में ग्रीन कार्ड बनवाने के समय पहले रोड टैक्स जमा कराने का दबाव बना रहा है। टैक्स बहुत अधिक होने की वजह से गंभीर दिक्कत है। ऐसे में सरकार को आर्थिक संकटों से जूझ रहे वाहन संचालकों को राहत देने के लिए टैक्स माफ कर देना चाहिए।
केदारनाथ के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा
केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों को जल्द ही हेली सेवा की सुविधा मिलेगी। देहरादून से बदरीनाथ धाम के लिए चार्टर्ड हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हो गई है। कई यात्री हेलीकॉप्टर की बुकिंग कर बदरीनाथ पहुंचे। केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड से हेली सेवा का संचालित होता है। नागरिक उड्डयन विभाग ने टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से हेली सेवा संचालित करने के लिए नौ कंपनियों के साथ अनुबंध किया है। चारधाम यात्रा शुरू होने से जल्द ही केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू होगी।
डीजीसीए की टीम गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी हेलीपैड में मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निरीक्षण करेगी। सोमवार को शासन स्तर पर हेलीसेवा संचालित करने के लिए हेली सेवा आपरेटरों के साथ बैठक की जाएगी। सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि केदारनाथ धाम के लिए शीघ्र ही हेली सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए हेली सेवा ऑपरेटरों के साथ बैठक की जाएगी। हेली सेवा के लिए पहले से ही सभी तैयारियां है।
केदारघाटी के बाजारों, पड़ाव व धाम में लौटी रौनक
कोरोनाकाल में कपाटोद्घाटन के लगभग साढ़े चार महीने बाद चारधाम यात्रा शुरू होते ही कारोबारियों व यात्रा से जुड़े लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है। केदारघाटी के बाजारों समेत पैदल मार्ग के पड़ाव व धाम में भी रौनक बढ़ गई है। यहां सुबह से देर शाम तक खूब चहलपहल बनी हुई है।
18 सितंबर से केदारनाथ यात्रा शुरू होते ही गुप्तकाशी, फाटा, सोनप्रयाग, गौरीकुंड और केदारपुरी में अलग ही उल्लास नजर आ रहा है। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले पांच माह से चला आ रहा सन्नाटा बाबा के भक्तों के जयकारों ने पलभर में तोड़ दिया है। श्रीकेदार धाम होटल ऑनर्स एसोसिएशन के सचिव नितिन जमलोकी ने बताया कि फाटा, सीतापुर, रामपुर और सोनप्रयाग में कुछ होटल को अगले 10 दिन की एडवांस बुकिंग तक मिल गई है।
इस तरह से शुरूआती दो दिन में श्रद्धालु पहुंचे हैं। गौरीकुंड व्यापार संघ के अध्यक्ष अरविंद गोस्वामी ने बताया कि यात्रा शुरू होने से छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। दूसरी तरफ प्रशासन व पुलिस की ओर से यात्रा के सफल संचालन के लिए केदारघाटी के बाजारों में जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी अगस्त्यमुनि से गौरीकुंड तक संचालित स्थायी व अस्थायी स्वास्थ्य केंद्रों में यात्राकाल के लिए पर्याप्त दवा भेज दी गई है। पड़ावों में संचालित मेडिकल रिलीफ पोस्ट और केदारनाथ अस्पताल में भी चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है जिससे जरूरतमंद यात्रियों का समय पर उपचार किया जा सके।