मसूरी: कार खाई में गिरने से पूर्व मंत्री रूड़ी और जेडीयू नेता केसी त्यागी के रिश्तेदारों की मौत, दो लोग घायल
- जनता दल यूनाइटेड के महासचिव केसी त्यागी के बहन-बहनाई थे मृतक
- किमाड़ी मार्ग पर चीलधार के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिरी इनोवा कार
- नोएडा के सेक्टर 40 में रहता है परिवार, हादसे में बेटी और ड्राईवर घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मसूरी में रविवार सुबह इनोवा कार खाई में गिरने से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता राजीव प्रताप रूड़ी के समधी-समधन की मौत हो गई। हादसे में उनकी बेटी और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। मृतक की बेटी को एसडीआरएफ और पुलिस टीमों ने बमुश्किल कार को काटकर बाहर निकाला।
रविवार सुबह करीब दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक इनोवा कार (डीएल-12 सीके 9662) मसूरी एलकेडी-किमाड़ी मार्ग पर चीलधार के समीप खाई में गिर गई है। सूचना मिलने के बाद काफी देर तक कैंट थाना देहरादून और मसूरी की पुलिस उनकी तलाश करती रही। मशक्कत के बाद कार का पता चला। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया।
यह भी पढ़ें: नोएडा से मसूरी घूमने आया था परिवार, रास्ते में हो गया हादसा और छा गया मातम, तस्वीरें...
खाई गहरी होने की वजह से मौके तक पहुंचने में बेहद दिक्कतें आईं। एसपी सिटी श्वेता चौबे और सीओ मसूरी नरेंद्र पंत की अगुवाई में गाड़ी में फंसी युवती को कार के दरवाजे काटकर मुश्किल से निकाला गया। उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि ड्राइवर को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान 55 वर्षीय नीरज त्यागी पुत्र आम्पल और 52 वर्षीय शगुन त्यागी पत्नी नीरज त्यागी निवासी सेक्टर 40 नोएडा के रूप में हुई है। हादसे में नीरज त्यागी की 27 वर्षीय पुत्री आरुषि त्यागी और 35 वर्षीय ड्राइवर अशोक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जेडीयू नेता केसी त्यागी के बहन-बहनोई हैं मृतक
जानकारी के मुताबिक, मृतक नीरज त्यागी और उनकी पत्नी शगुन त्यागी बिहार में जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी के बहन-बहनोई थे। घटना के बाद से लगातार रूड़ी और त्यागी परिवार देहरादून में संपर्क कर रहे हैं।
मोबाइल नेटवर्क न होने से सर्च ऑपरेशन में हुई मुश्किल
मसूरी सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि सुबह बारिश और कोहरा होने के कारण कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी थी। कोहरा व गहरी खाई होने के कारण और घटना स्थल के आसपास मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण कार को ट्रेस करने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सर्च ऑपरेशन चलाकर पुलिस कार तलाशने में आखिरकार सफल हो गई।
शनिवार को भी इसी मार्ग पर हुआ था हादसा
शनिवार को भी एलकेडी मार्ग पर ही किमाड़ी के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। हादसे में कार में सवार पांच युवक घायल हो गए थे, जिन्हें 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया था।
जानकारी के अनुसार, ये पांचों युवक शनिवार सुबह देहरादून से मसूरी घूमने गए थे। शाम के समय वे मसूरी से वापस लौट रहे थे, लेकिन किमाड़ी के पास उनकी कार खाई में जा गिरी।
हादसे में प्रभु सिमरन पुत्र अजीत उम्र 26 निवासी निरंजनपुर मंडी पटेलनगर देहरादून, आदित्य अग्रवाल, प्रवर शिखा, नवीन और आशुतोष निवासी निरंजनपुर मंडी, देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गए थे।