पिथौरागढ़: कार खाई में गिरने से दर्दनाक हादसा, शिक्षक समेत दो लोगों की मौत
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में गणाई-बनकोट मोटर मार्ग पर कार के गहरी खाई में गिरने से एक शिक्षक सहित दो लोगों की मौत हो गई। दूसरा मृतक नेपाली मजदूर बताया जा रहा है, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बुधवार को गणाई से बनकोट की ओर जा रही अल्टो कार क्वीधार के पास अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में बनकोट निवासी शिक्षक धीरज कुमार बनकोटी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
कानूनगो रमेशगिरी गोस्वामी, पटवारी मदन मोहन जोशी और थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। इसके बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटना के दूसरे मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतक के नेपाली होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हादसे में मारे गए शिक्षक धीरज बनकोटी बागेश्वर के जूनियर हाईस्कूल कपूरी में तैनात थे।
धीरज की पत्नी निजी स्कूल में शिक्षिका है। उसकी आठ और पांच साल की दो बेटियां हैं। धीरज बनकोटी का बड़ा भाई शिक्षक हैं जबकि छोटा भाई बृजेश बनकोटी मजदूर मोर्चा के प्रांत संगठन मंत्री हैं।