उत्तराखंड: देर रात गहरी खाई में गिरी यूटिलिटी, एक की मौत, यूपी के तीन लोग घायल
देहरादून के कालसी में कोटी इच्छाड़ी डेम के पास शनिवार देर रात पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इससे वाहन चालक उत्तरकाशी निवासी अजयपाल सिंह नेगी की मौत हो गई।
जबकि, वाहन में सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसमें दो लोगों को तो शनिवार रात ही खाई से निकाल लिया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अजयपाल का पता नहीं लग पाया। पुलिस ने अजय पाल के शव को रविवार सुबह खाई से बाहर निकाला।
कालसी थाने में उपनिरीक्षक संदीप पंवार ने बताया कि भुटाणू मोरी उत्तरकाशी से विकासनगर जा रहा बोलेरो पिकअप वाहन शनिवार रात दो बजे कालसी कोटी इच्छाड़ी मोटर मार्ग पर डेम के पास चढ़ाई में अचानक बंद हो गया।
वाहन चालक अजयपाल ने वाहन में बैठे कपिल को पिकअप के पीछे के टायर पर पत्थर से ओट लगाने को कहा, लेकिन इस बीच वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
पॉवर ट्रिलर की चपेट में आने से बच्चे की मौत
इससे चालक अजयपाल सिंह नेगी सहित दो व्यक्ति वाहन के साथ ही नीचे खाई में गिर गए। हादसे में मामूली रूप से घायल कपिल पुत्र विनोद कुमार निवासी समसपुर तहसील मुवाना थाना बेहसूया जिला मेरठ उत्तर प्रदेश ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर चालक अजयपाल सिंह नेगी निवासी मेधनी भुटाणू ब्लॉक मोरी जनपद उत्तरकाशी और दो अन्य व्यक्ति गौतम तोमर निवासी जसठ तहसील सरधना थाना सरूलपुर जिला मेरठ उत्तर प्रदेश एवं अतुल निवासी रामनगर तहसील बडौत थाना नगरसराय बागपत उत्तर प्रदेश की तलाश की।
गौतम और अतुल को कुछ देर की मशक्कत के बाद गहरी खाई से निकाल लिया गया, लेकिन अंधेरे के कारण अजय पाल का पता नहीं चल सका। पुलिस उपनिरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने रविवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया तो टौंस नदी किनारे पड़े वाहन से कुछ दूरी पर चालक अजय पाल सिंह नेगी का शव मिला। जिसे खाई से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विकासनगर लाया गया।