बहन ने घर में लगाई फांसी, शव को बेड के बॉक्स में बंद कर दो दिन तक घूमता रहा भाई
- कनखल के मोहन एनक्लेव की घटना, प्रेमी से विवाद होने के बाद महिला ने लगाई थी फांसी
- दो दिन घर के अंदर ही पड़ा रहा शव, पुलिस प्रेमी को तलाश में जुटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरिद्वार के कनखल के मोहन एन्क्लेव (जमालपुर कलां) में एक घर में बेड के अंदर से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि भाई के घर रह रही महिला ने प्रेमी से विवाद होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।
हैरानी की बात यह है कि रविवार को मृतका ने फांसी लगाई थी लेकिन भाई ने मंगलवार देर रात कनखल पुलिस को सूचना दी। इधर, अब पुलिस प्रेमी को तलाश कर रही है।थानाध्यक्ष हरिओमराज चौहान ने बताया कि सुनित पुत्र सुखदास निवासी गांव औरंगाबाद बिहारीगढ़ सहारनपुर हाल निवासी मोहन एन्क्लेव अपने परिवार के साथ रहता है।
उसकी बहन सरिता (25) पत्नी अमित निवास गांव दगेड़ा सहारनपुर विवाद के चलते पति से अलग ही रह रही थी। सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत सरिता हाल निवासी गांव रोशनाबाद की जान पहचान इसी दौरान अंकित चौधरी निवासी नकुड़ सहारनपुर से हुई।
दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे
खुद को रायवाला छावनी में तैनात बताने वाले अंकित से उसका प्रेम प्रसंग हो गया। दोनों जल्द ही शादी करने वाले थे। करीब एक सप्ताह पूर्व सरिता अपने भाई के घर रहने आई थी। रविवार को सुनित के घर पहुंचे अंकित चौधरी के एक दूसरी महिला से बातचीत करने को लेकर सरिता नाराज हो गई।
एसओ ने बताया कि सरिता दूसरे कमरे में चली गई और दरवाजा बंद कर दिया। बाद में दोनों ने रोशनदान से झांक देखा तो वह पंखे से झूल रही थी। भाई और प्रेमी ने सरिता के शव को नीचे उतारा था।
एसओ ने बताया कि प्रेमी अपने रिश्तेदारों को लेकर आने की बात कहकर चला गया। इधर, भाई भी अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर रिश्तेदारों को सूचना देने की बात कहकर घर से निकल गया। शव को बेड के अंदर रख दिया।
मंगलवार देर शाम को वापस पहुंचे भाई ने पड़ोसी को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंच गई। एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। प्रेमी की तलाश कर रहे हैं। मृतका के तीन बच्चे अपने पिता के साथ ही रहते हैं।