नोटबंदी पर डिफेंसिव मोड में भाजपा, देखिए कैसे बदले से हैं दिग्गजों के सुर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा की सभा में नोटबंदी पर भाजपा नेता डिफेंसिव मूड में नजर आए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत सभी बड़े नेताओं ने इस मुद्दे को छुआ। इसी बहाने भाजपा नेताओं ने कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने की बात भी प्रमुखता से रखी।
नोटबंदी पर प्रधानमंत्री की 50 दिन की डेडलाइन नजदीक आने के बावजूद स्थिति सामान्य न हो पाने का साया भाजपा की सभा पर भी दिखा। खबर है कि मंच पर बैठे नेताओं को भी इसकी चिंता रही।
सूत्रों का कहना है कि यही वजह थी कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत बाकी नेताओं ने भी केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले की अपने-अपने तरीके से तारीफ करने की भरपूर कोशिश की। शाह ने कहा कि केंद्र भ्रष्टाचार को खत्म कर विकास की ओर बढ़ना चाहता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कैशलेस ट्रांजेक्शन भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा हथियार है। केंद्र के अधीन सभी अस्पतालों में कैशलेस ट्रांजेक्शन की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
शाह ने नहीं बोला राहुल पर हमला
केंद्रीय पर्यटन मंत्री एवं अस्पताल के संचालक महेश शर्मा ने अपने अस्पताल ग्रुप के 4000 कर्मियों को वेतन कैशलेस ट्रांजेक्शन के जरिये देने की बात कही। यही नहीं, अस्पताल में एक बैंक के माध्यम से ई-लॉज भी खोला गया है। बैंक की ओर से कैशलेस ट्रांजेक्शन से संबंधित परेशानियों का समाधान किया जाएगा। शर्मा ने कैशलेस ट्रांजेक्शन पर अस्पताल में 31 मार्च तक पांच प्रतिशत की विशेष छूट देने की भी घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट के भाषण में भी इसका जिक्र आया।
अल्मोड़ा में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के तुरंत बाद देहरादून में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा हुई। माना जा रहा था कि शाह मंच से राहुल के अल्मोड़ा में भाजपा पर किये हमलों का जवाब देंगे, लेकिन उन्होंने राहुल को निशाने पर नहीं लिया।
राहुल ने जिस तरह नोटबंदी और पीएम मोदी पर हमला किया उससे उम्मीद जताई जा रही थी कि शाह पलटवार जरूर करेंगे। शाह ने अपने 15 मिनट के भाषण में राहुल का नाम तक नहीं लिया। उन्होंने सीएम हरीश रावत के खिलाफ भी ज्यादा हमला नहीं किया। शाह का फोकस केवल केंद्र की उपलब्धियों पर रहा।
पहले 6 घंटे मुफ्त इलाज
कैलाश ग्रुप ऑफ अस्पताल के संचालक पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने बताया कि उनके अस्पताल में इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को पहले 6 घंटे मुफ्त इलाज दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर सड़क हादसों या अन्य किसी दुर्घटना में घायल या बीमार व्यक्ति मिलता है तो कोई भी उन्हें अस्पताल के गेट तक पहुंचा दे तो लाने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। उद्घाटन समारोह में मंत्री शर्मा के परिवारीजन भी मौजूद रहे।
समारोह में संतों को आशीर्वाद के लिए आमंत्रित किया था, जिनके लिए अलग से मंच सजाया हुआ था। परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद मुनी, महामंडलेश्वर जूना अखाड़ा स्वामी अच्युतानंद का आशीष लिया गया।