बीजेपी के दो विधायकों में छिड़ी 'जंग', कर्णवाल के आरोप पर चैंपियन ने दी 'अखाड़े' में आने की चुनौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में बीजेपी के दो विधायकों में चल रहा विवाद अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहा। विधायक देशराज कर्णवाल ने विधायक चैंपियन के खिलाफ प्रेस वार्ता कर कहा कि वह खुद को चैंपियन बोलते हैं, लेकिन उन्होंने कभी गिल्ली डंडा तक नहीं खेला है। कणर्वाल ने आरोप लगाया कि चैंपियन खुद को राजा बोलते हैं, लेकिन वह एक सामंत मानसिकता वाले परिवार से हैं।
उधर, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने विधायक देशराज कर्णवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर मेरे चैंपियन होने के सबूत चाहते हैं तो कर्णवाल हिम्मत करके सुबह नेहरू स्टेडियम में आकर हाथ मिलाकर दिखाए। तब पता चल जाएगा कि वह चैंपियन हैं या नहीं।
विधायक देशराज ने कहा कि अगर वह चैंपियन हैं तो मान्यता प्राप्त खेल संघ का एक भी प्रमाणपत्र दिखाएं और खुद को चैंपियन साबित करें। अगर विधायक चैंपियन ने उनसे एक दो दिन में माफी नहीं मांगी तो वह कोर्ट में उनके खिलाफ केस दर्ज कराएंगे।
शुक्रवार को विधायक देशराज कर्णवाल ने खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए भड़ास निकाली। कहा कि, विधायक चैंपियन उनके जाति प्रमाणपत्र को फर्जी ठहरा रहे हैं।
जब वह कांग्रेस में थे, तब उन्होंने मेरा जाति प्रमाणपत्र कैंसल क्यों नहीं करवाया। कहा कि जब उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ी थी, तब चैंपियन उनके पास वोट मांगने आए थे, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था, क्योंकि तब वह खुद जिला पंचायत सदस्य के लिए खड़े थे और जीते थे।
माफी नहीं मांगी तो वाद दायर कर उन्हें जेल भिजवाऊंगा
उनके सामने जो खड़ा था वह विधायक चैंपियन का समर्थक था, जो हार गया था। समर्थक के हारने पर विधायक चैंपियन ने अपने समर्थक से उनका फर्जी जाति प्रमाणपत्र बनवाया। इसके बाद सहारनपुर तहसील से वह फर्जी प्रमाणपत्र चोरी करवाया गया। इस बात का पता उन्हें तब चला जब वह विधायक बने।
अब उसी फर्जी प्रमाणपत्र को लेकर चैंपियन उन्हें चैलेंज कर रहे हैं। विधायक देशराज कर्णवाल यहीं नहीं रुके उन्होंने विधायक चैंपियन के नाम के आगे चैंपियन लिखने और खुद को राजा बताने पर भी सवाल खड़े किए।
कहा कि अब मैं विधायक चैंपियन से बड़ा विधायक हूं और उनसे ज्यादा क्षेत्र में काम करवाएं हैं। कहा कि चैंपियन खुद को शेर कहते हैं, यह शेर तब कहां गया था, जब हरीश रावत सरकार में उनके महल पर हमला हुआ था और वह महल छोड़कर भाग गए थे।
मैंने तब विधायक चैंपियन के पक्ष में जाकर लंढौरा में धरना दिया था। कहा कि अगर विधायक चैंपियन ने उनसे माफी नहीं मांगी तो वह सोमवार को कोर्ट में वाद दायर कर केस दर्ज करवाएंगे और उन्हें जेल भिजवाएंगे।
हिम्मत है तो मैदान में कर लें दो-दो हाथ : चैंपियन
विधायक चैंपियन ने अपने कैंप कार्यालय पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए दावा किया कि उनके समर्थन में क्षेत्र से ही नहीं बल्कि यूपी से भी लोग रुड़की पहुंचे हैं और वह कर्णवाल को कड़ा जवाब देंगे।
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के बीच चल रहा विवाद बड़ा रूप धारण करता जा रहा है। दोनों ही विधायक एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए तीखे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।
विधायक चैंपियन ने कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता करते हुए विधायक कर्णवाल के चैंपियन लिखने के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर उन्हें चैंपियन होने का प्रत्यक्ष परिणाम चाहिए तो सुबह नेहरू स्टेडियम में आकर उनसे हाथ मिलाए। कहा कि जब देशराज कर्णवाल को पता चल गया कि मैं पढ़ा लिखा हूं और पूरी केस डायरी निकलवाने के साथ ही कोतवाली में बैठकर पुलिस को लंबा कर सकता हूं तो बौखलाहट हो गई।
चैंपियन यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि देशराज कर्णवाल उनके सामने कहीं भी खड़े नहीं हो सकते हैं। मैं चार बार का विधायक रहा हूं और सर्वसमाज में मेरी अपनी पहचान है। उन्होंने दावा किया कि आज उनके समर्थन में क्षेत्र के ही नहीं बल्कि यूपी से भी ओबीसी समाज के सैकड़ों लोग उनके कार्यालय पर पहुंचे हैं। जो ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।