उत्तराखंड: खाना खाकर बाइक से घूमने निकले थे दो दोस्त, बस की चपेट में आकर दोनों की मौत
- सितारगंज में फैक्ट्री की बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत
- तुर्कातिसौर तिराहा पर हादसा, परिजनों में मचा कोहराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के सितारगंज में फैक्ट्री जा रही बस और सामने से आ रही बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे बाइक सवार किशोर समेत दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य बाइक सवार दो युवक बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व बस को कब्जे में ले लिया। किशोर व युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दोनों की मां हाइवे पर ही गश खाकर गिर पड़ी तो परिवार के अन्य लोग भी सदमें में हैं।
जानकारी के अनुसार बघौरा गांव में हाइवे किनारे अजय की बाइक रिपेयरिंग की दुकान है। संटी भी इसी गांव का रहने वाला है। दोनों की गहरी दोस्ती थी। शुक्रवार की रात अजय व संटी घर से खाना खाकर बाइक से घूमने निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि अब वह घर नहीं लौटेंगे।
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे खटीमा मार्ग पर तुर्कातिसौर तिराहा पर सिडकुल जा रही एक फैक्ट्री की बस संख्या-यूके06पीए-0473 की सामने से आ रही बाइक यूके06एच-3118 से जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं बस के अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाइक सवार बाइक मैकेनिक बघौरा गांव निवासी अजय 17 पुत्र विजय व गांव के ही माली लाल बाबू के 18 वर्षीय बेटे संटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पास से गुजरी एक अन्य बाइक पर सवार दो अन्य युवक बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
परिजनों में चा कोहराम
आसपास के लोगों ने आपातकालीन 108 एंबुलेंस और पुलिस को हादसे की सूचना दी। जिस पर एंबुलेंस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। यहां डॉक्टर मोनिस सैफी ने दोनों को मृत घाेषित कर दिया। वहीं कोतवाल सलाहउद्दीन भी मय पुलिस बल के दुर्घटनास्थल पहुंच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व बस को कब्जे में ले लिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अजय की मां सुमन, दो बहनों व छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं संटी की मां भूसी भी गश खाकर गिर पड़ी। दोनों मृतकों के वियोग में परिजन बेसुध हो गए हैं। कोतवाल सलाहउद्दीन ने बताया कि मृतक किशोर अजय व युवक संटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। दुर्घटना में तहरीर नहीं मिली है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। तहरीर आते ही आरोपी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
अस्पताल में बेटों के शवों पर पिता भी फफक कर रो पड़े
सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के दोनों को मृत घोषित करने के बाद पिता विजय व लाल बाबू की चीख निकल गई और दोनों अपने लाल के शवों को गले लगाकर फफक पड़े। जिन्हें वहां मौजूद लोगों ने ढांढ़स बंधाया।
छह साल पहले कैमरी से यहां आकर बसा था अजय का परिवार
मृतक अजय का परिवार छह बरस पहले ही बघौरा गांव आया था और तब से यहीं बस गया। अजय के पिता विजय ड्राईवर हैं और गांव के ही एक ग्रामीण की गाड़ी चलाकर परिवार की आजीविका चलाते हैं। कम उम्र में ही अजय बाइक मैकैनिक बन गया और परिवार के भरण पोषण में पिता का हाथ बंटाने लगा। संटी भी अपने पिता के साथ माली के काम में लगा रहता था।