उत्तराखंड की बेटियों ने रचा इतिहास: अंडर-19 वूमेन टीम ने मध्यप्रदेश को हराकर जीती बोर्ड ट्रॉफी
Uttarakhand Under-19 Women Cricket Team: उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार हुआ है जब किसी क्रिकेट टीम ने बीसीसीआई की बोर्ड ट्रॉफी जीती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
‘जरूरी नहीं रोशनी चिरागों से हो, बेटियां भी घर में उजाला करती हैं।’ इस बात को उत्तराखंड की बेटियों ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मध्य प्रदेश को आठ विकेट से हराकर सच साबित करके दिखाया है। इस जीत की पटकथा एक बार फिर रामनगर की नीलम ने अपनी बल्लेबाजी से लिखी। नीलम ने नाबाद 56 रनों की पारी खेली।
मध्यप्रदेश के खिलाफ उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। मध्यप्रदेश की सलामी जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत करते हुए स्कोर 40 के पार पहुंचाया। कप्तान पूजा ने गेंदबाजी साक्षी को सौंपी तो उन्होंने नैनी को बोल्ड करके उत्तराखंड को पहली सफलता दिलाई। अगले ओवर में साक्षी की गेंद पर कल्याणी ने क्रीज से आगे निकलकर खेलने की कोशिश की तो नंदिनी ने उन्हें स्टंप आउट किया। अगले ही ओवर में कप्तान पूजा ने अनुष्का को विकेट के पीछे कैच आउट कराकर मध्य प्रदेश को 52 रन के योग पर तीसरा झटका दिया। इसके बाद तो विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। मध्यप्रदेश के महज चार बैटर ही दहाई की संख्या छू सके और पूरी टीम 102 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पूजा ने तीन विकेट, साक्षी, राघवी और ज्योति ने दो-दो जबकि मिनाक्षी ने एक विकेट लिया। मध्य प्रदेश की पूरी टीम 102 रन बनाकर आउट हो गई।
103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की सलामी जोड़ी फिर जल्द ही टूट गई। शगुन महज पांच रन बनाकर उन्नति की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गईं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आई राघवी बगैर खाता खोले पवेलियन लौट गईं। 19 रन के योग पर दो विकेट गिरने पर संघर्ष कर रही टीम के लिए एक बार फिर रामनगर की नीलम खेवनहार साबित हुईं और ज्योति के साथ टीम को जीत दिला दी। ज्योति ने नाबाद 26 रनों की पारी, जबकि नीलम ने नाबाद 56 रनों की पारी खेली।
फाइनल का सफर आसान नहीं था...
उत्तराखंड की टीम का सफर आसान नहीं था। एलीट ग्रुप डी में शामिल उत्तराखंड की बेटियों के शुरुआती चार मैच बारिश से धुल गए तो लगा टीम का अगले दौर में पहुंचना मुश्किल है, क्योंकि अंतिम मुकाबला सौराष्ट्र की टीम से था जो उत्तराखंड की अपेक्षा मजबूत समझी जा रही थी। इस मैच में उत्तराखंड ने सौराष्ट्र को 39 रनों पर ढेर कर दिया। नौ विकेट से मैच जीतकर और रनगति के आधार पर उत्तराखंड प्वाइंट टेबल पर शीर्ष पर पहुंच गई। इसकी वजह से टीम को क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिल गया। अधिकतर क्रिकेट प्रेमी इस जीत को तुक्का समझ रहे थे। क्वार्टर फाइनल में बेटियों ने पंजाब और सेमीफाइनल में आंध्रप्रदेश की टीम को पटखनी दी तो उत्तराखंड के खेल प्रेमियों को समझ में आया म्यर चेलीं कै हैं बेर कम न्हैति (हमारी बेटियां किसी से कम नहीं हैं)
कमाल का सपोर्टिंग स्टाफ
उत्तराखंड की बेटियों के जीत के पीछे कोच, मैनेजर समेत पूरा सपोर्टिंग स्टाफ ने जमकर मेहनत की। कोच अनघा देश पांडेय ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि सबसे पहले तो लड़कियों को कैंप की वजह से फायदा मिला, जिसका क्रेडिट पूरी तरह से सीएयू के सचिव महिम वर्मा सर को जाता है। उनकी वजह से बंगलूरू में मैच मिलने से लड़कियों की जहां बेहतर तैयारी हुई वहीं टीम के बीच कोऑर्डिनेशन भी बेहतर हुआ। टीम मैनेजर मंजू भंडारी, फीजियो मिनाक्षी नेगी और ट्रेनर अपूर्वा नदकर्णी ने बेहतरीन काम किया है। टीम मैनेजर ने भी लड़कियों के भीतर आत्मविश्वास को जगाया और सीएयू के पदाधिकारी भी बीच-बीच में बेटियों को बेहतर करने के लिए उत्साहित करते रहे। बेटियों की जीत में सचिव महिम वर्मा ने एसोसिएशन की ओर से टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
केक काटकर मनाया जश्न
जयपुर से जीत की खबर आते ही हल्द्वानी से लेकर देहरादून तक क्रिकेट प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं था। किसी ने सोशल मीडिया तो किसी ने फोन करके एक दूसरे को बधाई दी। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के देहरादून कार्यालय से लेकर सभी जिला क्रिकेट एसोसिएशन में केक काटकर जश्न मनाया गया। देहरादून में क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महिम वर्मा, अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला और संरक्षक पीसी वर्मा, एएस नैनवाल, ऑपरेशन मैनेजर अमित पांडे ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई। उपाध्यक्ष संजय रावत, सहसचिव अविनाश वर्मा, संजय गुंसाई, रोहित चौहान समेत पूरी एसोसिएशन ने बेटियों की कामयाबी का जश्न मनाया। इधर पिथौरागढ़ में उमेश चंद्र जोशी, नैनीताल में कर्यावाहक कोषाध्यक्ष दीपक मेहरा, कमल पपनै समेत सभी ने केक काटकर बेटियों को जीत की बधाई दी।
स्कोर बोर्ड
मध्य प्रदेश 102/10 (48.4)
कल्याणी स्टं नंदिनी बो. साक्षी 24 67 3/1
नैनी राजपूत बो. साक्षी 12 79 2/0
अनुष्का कैच नंदिनी बोड पूजा 0 7 0/0
संस्कृति कैच एंड बो. मिनाक्षी 11 34 1/0
अनन्या कैच राघवी बो. पूजा 1 11 0/0
साक्षी पचोरे बो. निशा 0 15 0/0
सौम्या कैच शगुन बो. राघवी 18 42 0/0
मुस्कान बो. राघवी 0 12 0/0
खुशी नाबाद 2 13 0/0
उन्नति बो पूजा 5 8 0/0
वैष्णवी बो. निशा 0 4 0/0
अतिरिक्त : 29, विकेट पतन : 1-46, 2-52, 3-52, 4-62, 5-64, 6-74, 7-84, 8-92, 9-101, 10-102
गेंदबाजी : मिनाक्षी 10-5-10-1, नीलम 5-1-8-0, लक्ष्मी 2-0-7-0, राघवी 10-2-28-2, साक्षी 7-4-11-2, पूजा राज, निशा 5.4-1-16-2, 9-4-15-3
उत्तराखंड 103/2 (34 ओवर)
शगुन एलबीडब्ल्यू उन्नति 5 11 0/0
ज्योति गिरि नाबाद 26 102 1/0
राघवी कैच उन्नति बो. सौम्या 0 08 0/0
नीलम नाबाद 56 83 8/0
अतिरिक्त : 16, विकेट पतन : 1-8, 2-19
गेंदबाजी : वैष्णवी 7-1-18-0, उन्नति 9-1-25-1, सौम्या 5-2-8-1, अनुष्का 4-0-25-0, खुशी 3-0-12-0, मुस्कान 2-0-4-0, संस्कृति 4-0-10-0