Badrinath Highway: भनेरपाणी में तीन दिन बाद दोपहिया वाहनों के लिए खुला हाईवे, अभी भी जगह-जगह फंसे 500 यात्री
13 अगस्त की रात को अतिवृष्टि से बदरीनाथ हाईवे गौचर से लेकर बदरीनाथ धाम तक 10 जगहों पर अवरुद्ध हो गया था। 14 अगस्त को दोपहर में बारिश थमने के बाद एनएचआईडीसीएल और सीमा सड़क संगठन की ओर से हाईवे को खोलने का काम शुरू किया गया।
विस्तार
पीपलकोटी के भनेरपाणी नामक स्थान पर तीन दिनों तक अवरुद्ध बदरीनाथ हाईवे बुधवार को दोपहिया वाहनों के लिए सुचारु हो पाया है। यदि रात को बारिश नहीं हुई तो बृहस्पतिवार से यहां छोटे वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी। हालांकि पहाड़ी से लगातार हो रहे भूधंसाव के चलते हाईवे के फिर से अवरुद्ध होने के आसार हैं।
13 अगस्त की रात को अतिवृष्टि से बदरीनाथ हाईवे गौचर से लेकर बदरीनाथ धाम तक 10 जगहों पर अवरुद्ध हो गया था। 14 अगस्त को दोपहर में बारिश थमने के बाद एनएचआईडीसीएल और सीमा सड़क संगठन की ओर से हाईवे को खोलने का काम शुरू किया गया। कमेड़ा, छिनका, पागलनाला, टेय्या पुल, गोविंदघाट, लामबगड़ आदि जगहों पर हाईवे को सुचारु कर दिया गया, लेकिन भनेरपाणी में हाईवे का करीब 100 मीटर हिस्सा ध्वस्त होने तथा 700 मीटर हिस्सा धंस जाने के कारण यातायात सुचारु नहीं हो पाया।
Pithoragarh: नारायणपुर में सड़क खोलने के दौरान जेसीबी पर गिरा बोल्डर, ऑपरेटर और अन्य लोगों ने भागकर बचाई जान
एनएचआईडीसीएल के सहायक अभियंता राजेश मौर्य ने बताया कि भनेरपाणी में हाईवे का 100 मीटर हिस्सा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। यहां हिल कटिंग कर बुधवार को शाम छह बजे तक दोपहिया वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई गई है। यदि रात को फिर से बारिश न हुई तो बृहस्पतिवार को छोटे वाहनों की आवाजाही भी सुचारु हो जाएगी। यहां दो जेसीबी मशीनें हाईवे को बनाने में जुटी हैं।
उन्होंने बताया कि पहाड़ी से भूधंसाव भी हो रहा है, जिससे हाईवे यहां पूरी तरह से खतरे की जद में है। पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे दोपहिया वाहनों के लिए खुला है। जोशीमठ व पीपलकोटी की ओर फंसे दोपहिया वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। हाईवे को अन्य वाहनों के लिए खोलने का काम अभी जारी है।
जगह-जगह फंसे 500 तीर्थयात्री व पर्यटक
बदरीनाथ हाईवे के भनेरपाणी में अवरुद्ध होने से बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जाने वाले करीब 500 तीर्थयात्री व पर्यटक जगह-जगह फंसे हुए हैं। साथ ही जोशीमठ क्षेत्र के लोगों की आवाजाही भी ठप पड़ी रही। कई तीर्थयात्री अपने वाहनों को पीपलकोटी में ही रोककर भनेरपाणी क्षेत्र में पैदल आवाजाही की। दूसरे छोर पर खड़े वाहनों से यात्री गंतव्य को रवाना हुए। कई स्थानीय लोग भी इसी तरह अपने गंतव्य को रवाना हुए।
भनेरपाणी में हाईवे के खुलने की प्रत्याशा में खड़े तीर्थयात्रियों व स्थानीय लोगों को व्यापार संघ पीपलकोटी की ओर से पानी, नमकीन और बिस्कुट वितरित किए गए। व्यापार संघ अध्यक्ष दीपक राणा ने बताया कि हाईवे अवरुद्ध होने से तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जो तीर्थयात्री पैदल आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं, वे हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों व स्थानीय लोगों को राहत सामग्री बांटी गई।