रामदेव बोले, 'कुछ नेताओं' का ब्लडप्रेशर बढ़ा देंगे 23 मई के नतीजे, उन्हें कपालभाति कराएगी पतंजलि
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि आगामी 23 मई को आने वाले लोकसभा चुनाव का परिणाम देश के लिए अतिमहत्वपूर्ण होने वाला है। इस दौरान देश को नई ऊंचाईयां देने वाली राष्ट्रवादी सरकार बनेगी, जो देश को और ज्यादा सशक्त बनाएगी। उन्होंने कहा कि देश में एनडीए और भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
हरिद्वार में प्रेस वार्ता के दौरान चुटकी लेते हुए योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि 23 मई को आने वाला परिणाम कुछ नेताओं का ब्लडप्रेशर बढ़ा देगा। जिसे नियंत्रित करने के लिए पतंजलि योगपीठ में कपालभाति, अनुलोम-विलोम का शिविर लगाया जाएगा। यह कि ब्लडप्रेशर किन नेताओं का बढ़ने वाला है, यह पूछने पर बाबा ने कहा कि 23 मई को इंतजार करें।
पतंजलि योगपीठ में बुधवार शाम आचार्य बालकृष्ण के साथ पत्रकारों से वार्ता करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि 23 मई को देश में एक ऐसी सरकार बनने जा रही है, जो पूरी दुनिया का नेतृत्व करेगी। देश को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनका पहले भी आशीष था और आज भी है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के काफिले पर हमला किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि ये पूरी तरह अलोकतांत्रिक, अराजकता का प्रतीक और निंदनीय कृत्य है।
ममता बनर्जी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक सत्ता का पतन होने वाला है इसलिए वें बौखला रही हैं। जानेमाने अभिनेता कमल हसन द्वारा नाथूराम गोडसे के बारे में की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कमल हसन अभिनेता तो अच्छे हो सकते हैं, लेकिन नेता अच्छे नहीं हैं। उनके डीएनए में फर्क है।