वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर की पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ लग रही है। महाविद्यालय में बीए, बीकॉम, बीएससी और बीबीए की 800 सीटों के सापेक्ष 1137 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। छात्रों की पहली पसंद बीए बना हुआ है। इसके 480 सीटों के सापेक्ष 634 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। पहली मेरिट सूची में बीकॉम की कट ऑफ 94 फीसदी है। ऐसे में बीए और बीकॉम में प्रवेश के लिए कड़ा मुकाबला होगा। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर पछवादून और जौनसार बावर का सबसे बड़ा महाविद्यालय है। इन दिनों महाविद्यालय में नए सत्र 2025-26 के लिए स्नातक पाठयक्रम के लिए प्रवेश की प्रकिया चल रही है। यहां स्नातक पाठयक्रम में 800 सीटें हैं। इनमें बीए में सबसे अधिक 480, बीएससी में 120, बीकॉम में 160 और बीबीए में 40 सीटें हैं। महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान ने बताया कि बीए के लिए 634, बीएससी के लिए 200, बीकॉम के लिए 209 और बीबीए के लिए 94 आवेदन प्राप्त हुए थे। 18 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की गई थी, जिसमें उच्चतम मेरिट इंडेक्स 1101.7 है। उन्होंने बताया कि बीकॉम में सबसे अधिक कट ऑफ 94 फीसदी है। पॉलिटिकल साइंस विषय की कट ऑफ भी 90 फीसदी है। उन्होंने बताया कि बीए के प्रति छात्रों की अधिक रुचि है। इसमें भी पॉलिटिकल साइंस काफी पसंद किया गया है। पहली मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश प्रकिया पूरी होने के बाद रिक्त सीट के आधार पर दूसरी सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर पाठक्रम में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर 26 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है।