अटल आयुष्मान योजना में इन 1350 बीमारियों का मिलेगा फ्री इलाज, यहां जानें कैसे मिलेगा फायदा
अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत प्रदेश के लगभग 18 लाख परिवारों का 1350 बीमारियों का उपचार मुफ्त होगा। इनमें कैंसर, ओपन हार्ट सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोलॉजी जैसी गंभीर व बेहद खर्चीली बीमारियों को शामिल किया गया है।
प्रदेश में 99 सरकारी और 66 निजी अस्पतालों व चिकित्सा संस्थानों में मुफ्त उपचार का लाभ लिया जा सकता है। वहीं, राज्य के बाहर के कई बड़े अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है।
योजना के तहत हृदय रोग के 130, नेत्र रोग के 42, नाक-कान-गला के 94, हड्डी के 114, मूत्र रोग के 161, महिला रोग के 73, शल्य रोग के 253, न्यूरो सर्जरी, न्यूरो रेडियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी व बर्न सर्जरी के 115, दंत रोग के नौ, बाल रोग के 156, मेडिकल के 70, कैंसर के 112 और अन्य बीमारियों के 21 पैकेज के मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध मिलेगी।
योजना के प्रमुख बिंदु
- राज्य के 18 लाख परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में भर्ती होने पर निशुल्क उपचार का लाभ मिलेगा।
- सामान्य बीमारियों में मरीज को पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती होना होगा। यहां से रेफर होने पर ही निजी अस्पताल में योजना का लाभ मिलेगा।
- आपातकालीन मामलों में सीधे निजी अस्पताल में भी उपचार करवा सकते हैं।
- परिवार का हर उम्र का सदस्य योजना का लाभ ले सकता है।
- उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने पर कोई न कोई पहचान पत्र अनिवार्य रूप से ले जाना होगा।
- अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के मोबाइल एप और वेबसाइट पर सभी सूचीबद्ध अस्पताल और उनकी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध है।
- जो परिवार योजना में पंजीकृत नहीं हैं, वह मोबाइल एप व वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करवा सकते हैं। जांच के बाद उन्हें लाभ देने पर निर्णय होगा।
आरोग्य मित्र करेंगे सहायता
सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के तहत पहुंचने वाले मरीजों की सहायता के लिए आरोग्य मित्र तैनात रहेंगे। यह मरीजों की योजना से संबंधित सभी तरह की सहायता करेंगे। सभी अस्पतालों के हेल्प डेस्क पर उनके आरोग्य मित्र के मोबाइल नंबर और फोटो लगाए जाएंगे।
यहां मिलेंगे सारे जवाब
अटल आयुष्मान योजना के संबंध में अधिक जानकारी देने के लिए अमर उजाला कार्यालय पटेलनगर में बृहस्पतिवार 27 दिसंबर को सुबह 11 बजे से संवाद का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य सचिव नितेश झा, योजना की नोडल अफसर डॉ. सरोज नैथानी समेत पूरी टीम अमर उजाला कार्यालय में मौजूद रहकर पाठकों केसवालों का जवाब देगी। आप फेसबुक, ट्वीटर, व्हाट्सएप या फोन कर सवाल पूछ सकते हैं।
फेसबुक और ट्वीटर पर आप जो सवाल पोस्ट करेंगे, उनका जवाब भी मिलेगा। यह संवाद अमर उजाला देहरादून के फेसबुक पेज पर लाइव भी देखा और सुना जा सकेगा। आप वॉट्सएप नंबर 7617566171 पर भी सवाल भेजे जा सकते हैं। 27 दिसंबर 2018 को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक मोबाइल नंबर 9675201318 और 9675201319 पर कॉल कर सवाल पूछे जा सकते हैं।