गणतंत्र दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, खुफिया विभाग को सघन चेकिंग के निर्देश
गणतंत्र दिवस को लेकर संवेदनशील भारत-नेपाल सीमा को हाई अलर्ट किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र की सुरक्षा को चाक चौबंद किया गया है। साथ ही अनजान और संदिग्धों के अलावा भारत-नेपाल को आवागमन करने वालों की सघन तलाशी ली जा रही है।
इस सीमा को 31 जनवरी तक के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा, नगर क्षेत्र, राष्ट्रीय संपत्तियों, स्कूल, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, होटलों आदि की सघन चेकिंग की जा रही है।
सीओ नरेश चंद ने बताया कि पुलिस के अलावा खुफिया तंत्र को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले की सीमा मझगांव और जगबूड़ा पुल के अलावा होटलों, धार्मिक स्थलों, स्कूलों आदि की निगरानी बढ़ाई गई है।
शारदा बैराज चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र खड़ायत के मुताबिक बैराज चौकी पर भारत-नेपाल के बीच आवागमन करने वालों पर पैनी नजर रखने के साथ ही सघन तलाशी भी ली जा रही है।
एसएसबी 57 वीं वाहनी इ कंपनी के कमांडर आनंद सिंह भंडारी ने बताया कि एसएसबी भी भारत-नेपाल सीमा पर मुस्तैदी से पेट्रोलिंग को अंजाम दे रही है। एसएसबी 57 वीं वाहनी की धनुषपुल स्थित ए कंपनी के जवान भी दोनों देशों की सीमा पर मुस्तैदी से गश्त कर रहे हैं।