केदारनाथ धाम के लिए हवाई सेवा देने को हेली कंपनियां तैयार, हेलीकॉप्टरों ने आज भरी उड़ान
डीजीसीए की अनुमति के बाद केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू करने के लिए कंपनियों ने तैयारी पूरी कर ली थी। आज केदारनाथ के लिए 5 कंपनियों ने हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की। सुबह 6:30बजे से गुप्तकाशी व अन्य हेलीपैड से धाम के लिए उड़ान भरी गई। इससे बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को हेली सेवा का इंतजार खत्म हो गया।
बता दें कि उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेली सेवा शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। कई श्रद्धालुओं ने एडवांस बुकिंग भी करा रखी थी। उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथारिटी (यूकाडा) की ओर से हेली सेवा के टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को डीजीसीए ने हेलीपैडों का निरीक्षण किया था।
इसमें टीम ने हेलीपैडों में सुरक्षा प्रबंध और हेलीकाप्टरों की तकनीकी रूप से फिटनेस की जांच की। मानकों के अनुरूप कंपनियों के इंतजाम पूरे होेने पर डीजीसीए ने हेली सेवा शुरू करने की अनुमति दे दी। केदारनाथ धाम के लिए फाटा, सेरसी, गुप्तकाशी स्थित नौ हेलीपैडों से हेली सेवा संचालित होगी।
जबकि हेमकुंड साहिब के लिए गोबिंद घाट स्थित हेलीपैड से घांघरिया तक हेली सेवा चलेगी। बता दें कि गुप्तकाशी के दो हेलीपैडों से किराया महंगा होगा। क्योंकि यहां हेलीकॉप्टर से केदारनाथ तक पहुंचने में 14 से 15 मिनट का समय लग रहा है। जबकि फाटा, सेरसी हेलीपैडों से 9 से 10 मिनट का सफर है। यूकाडा की ओर से निर्धारित किराया दरों पर एक कंपनी ने हेली सेवा संचालित करने से मना कर दिया है।
ये कंपनियां करेंगी हेली सेवा का संचालन
हेलीपैड हेली कंपनी
गुप्तकाशी आर्यन एविएशन, एरो क्राफ्ट
सेरसी हिमालयन हैरिटेज, ग्लोबल वेस्ट्रा
फाटा पवन हंस, इंडो क्राफ्ट, यूटी एयर, खंभी एविएशन
गोबिंदघाट डेकन चार्टर्ड एविएशन
डीजीसीए की टीम हेलीपैडों का निरीक्षण कर चुकी है। आज से केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू हो गई हैं।
-दिलीप जावलकर, सचिव एवं सीईओ, यूकाडा