एएफएमसी में एडमिशन की चाह रखने वाले युवा ध्यान दें, 1750 को भेजा जाएगा बुलावा
देशभर से 1750 अभ्यर्थियों को आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी) स्क्रीनिंग के लिए बुलाएगा। एएफएमसी ने नए सत्र के एमबीबीएस दाखिलों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके तहत मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (एमसीसी) के माध्यम से पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
एएफएमसी की ओर से 145 एमबीबीएस सीटों पर नीट स्कोर के माध्यम से दाखिला प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले एमसीसी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद देशभर से 145 सीटों के सापेक्ष 1750 अभ्यर्थियों को स्क्रीनिंग के लिए बुलाया जाएगा। इनमें 1170 छात्र और 580 छात्राएं शामिल हैं। इन अभ्यर्थियों को इंगलिश लैंग्वेज, कंप्रीहेंसन, लॉजिक एंड रीजनिंग, साइकोलॉजिकल एसेसमेंट टेस्ट, इंटरव्यू और मेडिकल एग्जामिनेशन से गुजरना होगा।
इंगलिश लैंग्वेज, कंप्रीहेंसन, लॉजिक एंड रीजनिंग का टेस्ट 80 अंकों का होगा। इसमें 40 सवाल पूछे जाएंगे। 30 मिनट में यह सभी प्रश्न हल करने होंगे, जो कि कंप्यूटर आधारित टेस्ट होगा। इसके बाद इस टेस्ट और नीट के स्कोर को मिलाकर स्क्रीनिंग होगी। 50 अंकों का इंटरव्यू भी होगा, जिसके बाद अंतिम मेरिट जारी की जाएगी। स्क्रीनिंग के वक्त सभी असली दस्तावेज लेकर जाने होंगे।
यह योग्यता है जरूरी
एएफएमसी में एडमिशन के लिए अभ्यर्थी के नीट में कम से कम 50 परसेंटाइल होने जरूरी हैं। आवेदक अविवाहित होना चाहिए। आयु 17 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी के अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होने जरूरी हैं।
इन सीटों पर मिलेगा मौका
छात्रों के लिए : 115 सीटें
छात्राओं के लिए : 30 सीटें
मित्रराष्ट्रों के लिए : 05 सीटें
यह है वेबसाइट : www.afmcdg1d.gov.in, www.mcc.nic.in
(नोटः अधिक जानकारी के लिए कमेंट बॉक्स में लिखें...)