उत्तराखंड: महिला को घर से बाहर बुलाकर मुंह पर फेंका तेजाब, हालत गंभीर
जिला मुख्यालय से सटे लुंठ्यूड़ा गांव में मंगलवार शाम करीब 6.15 बजे एक युवक ने एक महिला पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब हमले से झुलसी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बीचबचाव के लिए आई दूसरी महिला भी तेजाब के छींटे पड़ने से पांच फीसदी झुलसी है।
इस सनसनीखेज घटना से सकते में आए पुलिस अधीक्षक अजय जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल, कोतवाली प्रभारी ध्यान सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर झुलसी महिलाओं का हालचाल जाना। तेजाब फेंकने का आरोपी फरार है। हमले के कारण का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
लुंठ्यूड़ा मोहल्ले में परवीन (35) पत्नी शकीर अहमद, रेखा देवी के मकान में किराए पर रहती हैं। शकीर ने बताया कि मंगलवार शाम एक युवक उसके कमरे के पास पहुंचा। पहले इस युवक ने मकान की छत और आंगन पर पत्थर फेंके।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
जैसे ही परवीन और बच्चे घर से बाहर निकले तो युवक ने परवीन पर तेजाब फेंक दिया। बचाव के लिए पहुंची पड़ोस में रहने वाली नाजिमा (36) के हाथों पर भी तेजाब के छींटे पड़ गए। शकीर ने बताया कि घटना के समय वह काम पर गया था। पड़ोसी परवीन को जिला अस्पताल ले आए और पुलिस को सूचना दी।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. एलएस बोरा ने बताया कि परवीन करीब 30 प्रतिशत जली है, जबकि नाजिमा पांच प्रतिशत तक जली है। दोनों बेहद गरीब परिवार के हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में ही किया जाएगा।
गंभीर रूप से झुलसी परवीन को सघन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी देखरेख कर रही है। एसपी जोशी ने बताया कि तेजाब से हमला करने वाले युवक का नाम गुड्डू है।
वह शकीर की ही तरह कबाड़ एकत्र करने का काम करता है। इन दोनों परिवारों के बीच किस तरह के संबंध और विवाद था, इसकी जांच की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए एक व्यक्ति को देर रात हिरासत में लिया गया है।