गोपेश्वर। शारदा सुमन चिल्ड्रन एकेडमी की ओर से रविवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के नन्हे मुन्नें छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने किया। छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा चैत की चैत्वाली...., ओ भाना रंगीली भाना...., छोटा बच्चा जान के...., स्याली हे रंगीली स्याली...., घूमर रे.... जैसे गीतों पर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर प्रस्तुत सेव ट्री व सेव वाटर अंग्रेजी नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा। इस दौरान विद्यालय प्रधानाचार्य संजय बर्त्वाल द्वारा अभिभावकों के सम्मुख वार्षिक आख्या प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर दशोली ब्लॉक प्रमुख प्रमिला सजवाण, विद्यालय प्रबंधक सुरेंद्र सिंह झिंक्वाण, फकीर सिंह रावत, राकेश गैरोला, डा. मनोज रांगड, डा. हर्षी खंडूड़ी और मनोज बिष्ट आदि मौजूद थे।