{"_id":"5a4d08264f1c1bfc0f8b76d9","slug":"151499796712-haridwar-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिंदी के साथ अब संस्कृत, अंग्रेजी में भी प्रार्थना करेंगे स्कूली छात्र","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिंदी के साथ अब संस्कृत, अंग्रेजी में भी प्रार्थना करेंगे स्कूली छात्र
Updated Wed, 03 Jan 2018 10:13 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
जिले के सभी प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूलों में अब हिंदी के अलावा संस्कृत और अंग्रेजी में भी प्रार्थना होगी। नवाचारी शिक्षा के तहत जिले में पहली बार यह कदम उठाया गया है। जिला शिक्षाधिकारी बेसिक की ओर से इस संबध में सभी खंड शिक्षाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को आदेश जारी किए जा चुके हैं। स्कूलों में अब दो- दो दिन हिंदी, संस्कृत और अंग्रे्रजी में प्रार्थनाएं होगी।
वर्तमान में जिले के सभी 678 प्राइमरी और 152 जूनियर हाईस्कूलों में महज हिंदी में प्रार्थना होती है। अब नवाचारी शिक्षा के तहत इन स्कूलों में हिंदी के अलावा संस्कृत और अंग्रेजी में भी प्रार्थनाएं होंगी। जिला शिक्षाधिकारी बेसिक आकाश सारस्वत ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को हिंदी, बुधवार और बृहस्पतिवार को संस्कृत और शुक्रवार व शनिवार को अंग्रेजी में प्रार्थनाएं होंगी। जिला शिक्षाधिकारी के मुताबिक हरिद्वार गढ़वाल मंडल का पहला ऐसा जिला है जहां अब तीनों भाषाओं में छात्र प्रार्थना करेंगे। जिला शिक्षाधिकारी सारस्वत के मुताबिक इससे पहले यह कुमाऊं के बागेश्वर जिले में यह अभिनव प्रयोग किया जा चुका है। जिला शिक्षाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में सभी खंड शिक्षाधिकारियों को आदेश जारी किए जा चुके हैं।
विज्ञापन