Aryavir Sehwag Video: आर्यवीर ने दोहराया वीरेंद्र सहवाग का जादू! DPL में खेले ऐसे शॉट्स, फैंस रह गए दंग; देखें
भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने दिल्ली प्रीमियर लीग में अपने पिता की बल्लेबाजी शैली की झलक दिखाकर फैंस का ध्यान खींच लिया। वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से खेल रहे आर्यवीर के स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव की तुलना सहवाग के मशहूर शॉट्स से की गई। डीपीएल ने भी दोनों के शॉट्स का तुलना वीडियो साझा किया।
विस्तार
वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेल रहे आर्यवीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इसमें युवा बल्लेबाज को स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव जैसे शॉट खेलते देखा गया। इन शॉट्स में उनकी तकनीक और बैट स्विंग को देखकर प्रशंसकों को उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की याद आ गई। दिल्ली प्रीमियर लीग ने भी दोनों की बल्लेबाजी की तुलना करते हुए एक वीडियो शेयर किया, जिसमें पिता और बेटे के शॉट्स के बीच समानता दिखाई गई। वीडियो सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस आर्यवीर के बल्लेबाजी अंदाज की चर्चा करने लगे।
Virender Sehwag 🤝 Aaryavir Sehwag.
— CricketGully (@thecricketgully) August 21, 2026
Like Father, Like Son... 🔥 pic.twitter.com/pNDY0db6KB
पिता का करियर रहा है शानदार
वीरेंद्र सहवाग ने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने भारत के लिए तीनों प्रारूपों में 374 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और कुल 17,253 रन बनाए। उनके नाम 72 अर्धशतक और 38 अंतरराष्ट्रीय शतक दर्ज हैं। सहवाग की सबसे बड़ी पहचान उनकी आक्रामक बल्लेबाजी थी। वह टेस्ट क्रिकेट में भी शुरुआत से ही तेज गति से रन बनाने के लिए मशहूर रहे। उनके इसी अंदाज ने उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में शामिल किया।
ತಂದೆಗೆ ತಕ್ಕ ಮಗ!😎😍#VirenderSehwag #AryavirSehwag #StarSportsKannada pic.twitter.com/rN8d8X9Eay
— Star Sports Kannada (@StarSportsKan) August 24, 2026
हालांकि, आर्यवीर की टीम के लिए शनिवार का मुकाबला अच्छा नहीं रहा। सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 232/8 का विशाल स्कोर बनाया। सिद्धार्थ जैन ने 17 गेंदों में 33 रन और समर्थ सेठ ने सिर्फ 14 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने 4.5 ओवर में 71/2 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद आर्यवीर का विकेट गिर गया। कृष्ण यादव ने 26 गेंदों में 46 रन और अंकित कुमार ने 30 गेंदों में शानदार 61 रन बनाकर टीम की उम्मीदें बनाए रखीं।
21 रन से हार गई वेस्ट दिल्ली लायंस
कृष्ण यादव और अंकित कुमार के बीच 59 रन की साझेदारी ने वेस्ट दिल्ली लायंस को मुकाबले में वापस ला दिया था। हालांकि, कृष्ण के आउट होने के बाद दबाव बढ़ता गया। अंकित ने 61 रन की तेज पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम की रफ्तार धीमी पड़ गई। आखिरकार वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम 20 ओवर में 211/8 रन ही बना सकी और उसे 21 रन से हार का सामना करना पड़ा। आर्यवीर भले ही इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उनके बल्लेबाजी शॉट्स ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया।