IPL 2021: ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने अपने क्रिकेट बोर्ड से लगाई वापस बुलाने की गुहार, पीएम ने कहा- खुद करो व्यवस्था
मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाज क्रिस लिन ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में खेल रहे कई विदेशी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट को बीच में ही छोड़ने का फैसला लिया है। इसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों की संख्या ज्यादा है। इस बीच, मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाज क्रिस लिन ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के लिए विशेष विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। इस पर ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि आईपीएल खेल रहे खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने के इंतजाम खुद ही करने होंगे।
आस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी एंड्रयू टाइ, केन रिचर्डसन और एडम जंपा भारत में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के कारण आईपीएल से हट गए हैं। क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने सोमवार को आईपीएल में खेल रहे अपने खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और यात्रा योजनाओं के बारे में जानकारी ली थी। लिन ने कहा, ‘‘मैंने वापस संदेश भेजा है कि क्रिकेट आस्ट्रेलिया प्रत्येक आईपीएल अनुबंध का 10 प्रतिशत हिस्सा लेता है और क्या ऐसी कोई संभावना है कि आईपीएल समाप्त होने पर इस वर्ष यह धनराशि विशेष विमान पर खर्च की जाए।’’
लिन ने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि लोगों की स्थिति हमसे भी बुरी है। लेकिन हम बेहद कड़े जैव सुरक्षित वातावरण में रह रहे हैं और अगले सप्ताह हमारा टीकाकरण भी होगा, इसलिए उम्मीद है कि सरकार हमें निजी विमान में स्वदेश लौटने की अनुमति देगी। ’’ साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि उनकी फ्रेंचाइजी अगले सप्ताह टीम के सभी सदस्यों पर टीका लगवाएगी।
पीएम मॉरिसन बोले, स्वदेश लौटने के लिए खुद करने होंगे इंतजाम
बल्लेबाज क्रिस लिन स्वदेश बुलाने की गुहार लगाने पर प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यात्रा प्रतिबंधित है, ऐसे में आईपीएल खेल रहे खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने के इंतजाम खुद ही करने होंगे। मॉरिसन ने कहा कि ये खिलाड़ी निजी प्रतिस्पर्धा के लिए वहां गए हैं। यह ऑस्ट्रेलियाई दौरे का हिस्सा नहीं था। उन्हें अपने संसाधनों का इस्तेमाल कर के ही वापस लौटना होगा। मैं उम्मीद करता हूं कि सभी खिलाड़ी जल्द ऑस्ट्रेलिया लौट आएंगे।
14 खिलाड़ी अभी भी खेल रहे हैं आईपीएल
बता दें कि लीग मैच 23 मई को समाप्त होंगे। इसके बाद 25 और 28 मई को दोनों क्वालीफायर जबकि 26 मैच को एलिमिनेटर खेला जाएगा। फाइनल 30 मई को होगा। ये सभी मैच अहमदाबाद में खेले जाएंगे। आस्ट्रेलिया के 14 खिलाड़ी अब भी आईपीएल से जुड़े हैं। इनमें स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और पैट कमिन्स के अलावा दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के कोच साइमन कैटिच भी शामिल हैं।