IndVsAus: जानिए धर्मशाला में खेले गए पहले दिन के खेल की ये खास बातें
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का अंतिम मैच धर्मशाला में खेले जा रहा है। मेहमान टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 300 रन बनाए। टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पारी की शुरुआत कर दी है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक बल्लेबाज लोकेश राहुल (0) और मुरली विजय (0) बनाकर नाबाद हैं। जानिए आज के मैच की ये खास बातें -
स्मिथ की टेस्ट सीरीज में तीन सेंचुरी
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच धर्मशाला में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के अंतिम मैच में कप्तान स्टीव स्मिथ ने एक कीर्तिमान रच दिया है। स्मिथ एक ही सीरीज में तीन सेंचुरी लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बन गए हैं। यह उनके टेस्ट करियर का 20वां शतक है। अपनी 111 रनों की पारी के दौरान उन्होंने 14 चौक्कें जमाए।
इसके अलावा स्मिथ का टीम इंडिया के खिलाफ टेस्ट में 7वां शतक है। इस सीरीज में स्मिथ तीन अर्धशतक भी जमा चुके हैं और उनका टॉप स्कोर 192 रन है। स्मिथ के अब 10 टेस्ट में 88.25 के औसत से 1412 रन हैं। 27 वर्षीय स्मिथ दूसरे ऐसे विदेशी कप्तान बन गए हैं जिन्होंने भारतीय सरजमीं पर एक सीरीज में तीन सेंचुरी ठोक दी, इससे पहले यह कारनामा इंग्लैंड के एलिस्टर कुक कर चुके हैं।
धर्मशाला में बना ये कभी न टूटने वाला रिकॉर्ड
वहीं इस मैच में एक रिकॉर्ड ऐसा भी बना है जिसे कोई भी खिलाड़ी नहीं तोड़ पाएगा। धर्मशाला में खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच है। ऐसे में टेस्ट क्रिकेट में इस मैदान पर सबसे पहला शतक जमाने का रिकॉर्ड स्मिथ के नाम दर्ज हो गया है। हालांकि भविष्य में कईं और भी खिलाड़ी इस मैदान पर शतक जमाएंगे लेकिन इस मैदान पर स्मिथ का पहला टेस्ट शतक होने की वजह से उनकी यह खास उपलब्धि कोई और हासिल नहीं कर पाएगा।
चाइनामैन ने झटके चार विकेट
आज विराट कोहली की जगह टीम में शामिल किए गए कुलदीप यादव भारतीय उपमहाद्वीप के दूसरे गेंदबाज बन गए है जिन्हें टेस्ट मैच में उतारा गया है। उन्होंने अपनी गुगली से कंगारुओं को टिकने नहीं दिया। यादव ने पहले दिन चार विकेट हासिल किए।