फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming

भारत vs पाकिस्तान फाइनल: एशियाड में स्वर्ण के लिए टक्कर; किसे मिलेगा मौका, कौन बैठेगा बाहर? संभावित प्लेइंग-11

Sat, 03 Oct 2026 06:35 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, निशिन
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, निशिन Published by: स्वप्निल शशांक Updated Sat, 03 Oct 2026 06:35 AM IST
सार

एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट फाइनल में शनिवार को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। भारत ने अपनी मजबूत टीम उतारी है, जिसमें जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी हैं। पाकिस्तान की युवा टीम की अगुआई साहिबजादा फरहान करेंगे। पिच पर स्पिन अहम भूमिका निभा सकती है।

विज्ञापन
India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI

विस्तार

एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट में शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला होगा। क्रिकेट के मैदान पर दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी एक बार फिर आमने-सामने होंगे, लेकिन इस बार दांव सिर्फ मुकाबला जीतने का नहीं, बल्कि एशियन गेम्स का गोल्ड अपने नाम करने का है। भारत अपनी मजबूत और सितारों से सजी टीम के साथ उतरेगा, जबकि पाकिस्तान की टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं।

विज्ञापन


यह मुकाबला ऐसे समय में हो रहा है, जब आईसीसी ने 2027 वनडे विश्व कप का कार्यक्रम भी जारी किया है। हालांकि, एशियन गेम्स में दोनों टीमों की भिड़ने से यह प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर चर्चा में आ गई है। भारत बनाम पाकिस्तान एशियाड फाइनल मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले सुबह साढ़े नौ बजे होगा।

विज्ञापन

India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
भारतीय टीम - फोटो : BCCI

भारत के पास सितारों की लंबी सूची
भारत ने एशियन गेम्स के लिए अपनी मुख्य टीम के कई प्रमुख खिलाड़ियों को भेजा है। टीम में जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज के अलावा अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाजी विकल्प मौजूद हैं।

भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में हराया था। श्रीलंकाई टीम सिर्फ 45 रन पर सिमट गई थी। दूसरी ओर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन उसकी जीत उतनी प्रभावी नहीं रही। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए उसके बल्लेबाज लगातार विकेट गंवाते रहे। आखिर में अब्दुल समद ने 15 गेंद में 30 रन की तेज पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। भारत के पिछले पांच पूरे मुकाबलों का रिकॉर्ड जीत-जीत-जीत-जीत-जीत रहा है, जबकि पाकिस्तान का रिकॉर्ड जीत-हार-जीत-जीत-जीत है।

विज्ञापन

India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI

साहिबजादा फरहान पाकिस्तान की सबसे बड़ी उम्मीद
पाकिस्तान के लिए कप्तान साहिबजादा फरहान की बल्लेबाजी अहम होगी। पिछले साल टी20 एशिया कप में उन्होंने भारत के खिलाफ जसप्रीत बुमराह के सामने शानदार बल्लेबाजी की थी। भारत के खिलाफ उस टूर्नामेंट में फरहान ने 57, 58 और 40 रन की पारियां खेली थीं। पाकिस्तान तीनों मुकाबले हार गया था, लेकिन फरहान की बल्लेबाजी ने उसकी पारी को शुरुआती दौर में संभाले रखा था। एशियन गेम्स के फाइनल में भी पाकिस्तान को अपने कप्तान से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। उनके अलावा सैम अयूब, हसन नवाज और अब्दुल समद भी पाकिस्तान के अहम बल्लेबाज होंगे। सेमीफाइनल में अब्दुल समद ने मुश्किल स्थिति में तेज पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में भूमिका निभाई थी।

संजू सैमसन के लिए भी खास मौका
भारत की ओर से संजू सैमसन पर भी नजर रहेगी। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनका स्ट्राइक रेट 100 से कम है, हालांकि उन्होंने इस टीम के खिलाफ सिर्फ दो बार बल्लेबाजी की है। सेमीफाइनल में सैमसन सात रन बनाकर बोल्ड हो गए थे। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी, जबकि एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में उन्हें नंबर तीन पर भेजा गया। फाइनल में भी उनके बल्लेबाजी क्रम में बदलाव संभव है।

विज्ञापन

India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन - फोटो : ANI

वैभव को मौका, अर्शदीप पर फैसला बाकी
भारत ने सेमीफाइनल में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया था और संजू सैमसन को नंबर तीन पर भेजा था। टीम ने अर्शदीप सिंह को बाहर रखते हुए जसप्रीत बुमराह को एकमात्र प्रमुख तेज गेंदबाज के रूप में खिलाया। फाइनल में भारत के सामने यह फैसला होगा कि क्या अर्शदीप सिंह को मैदान पर उतारा जाता है। यदि उन्हें मौका नहीं मिलता है तो वह एशियन गेम्स में बिना गेंदबाजी किए ही वापस लौटेंगे।

पिच पर स्पिनरों की होगी बड़ी भूमिका
निशिन सिटी के कोरोगी पार्क की पिच पर नमी और तेज धूप के कारण गेंद को टर्न मिलने के साथ असमान उछाल भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में दोनों टीमों के स्पिनर मुकाबले की दिशा तय कर सकते हैं। भारत के पास अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रवि बिश्नोई जैसे स्पिन विकल्प हैं। अगर पिच से ज्यादा टर्न मिला तो अभिषेक शर्मा भी गेंद से उपयोगी भूमिका निभा सकते हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह परिस्थितियां चाहे जैसी हों, भारत के लिए बड़ा हथियार बने रहेंगे। पाकिस्तान की ओर से अबरार अहमद और सुफियान मोकिम के साथ साइम अयूब और अराफात मिन्हास भी स्पिन गेंदबाजी में योगदान दे सकते हैं। ऐसे में दोनों टीमों के स्पिनरों के कुल 16 ओवर काफी महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
साहिबजादा फरहान - फोटो : IANS

पाकिस्तान की युवा टीम के सामने बड़ी चुनौती
पाकिस्तान की टीम में भारत की तरह बड़े अंतरराष्ट्रीय सितारों की लंबी सूची नहीं है। हालांकि उसकी टीम में पीएसएल में खेल चुके कई खिलाड़ी हैं और पिच की परिस्थितियां युवा खिलाड़ियों के लिए अंतर कम करने का मौका दे सकती हैं। भारत के लिए इस मुकाबले में दबाव का एक अलग पहलू भी है। मजबूत टीम के साथ खेलने के कारण उससे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही है। दूसरी ओर पाकिस्तान की युवा टीम के पास खोने के मुकाबले हासिल करने के लिए ज्यादा कुछ होगा।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले में मैदान के बाहर भी नजर
दोनों देशों के बीच क्रिकेट मुकाबले में मैदान के बाहर की घटनाएं भी चर्चा का विषय रही हैं। पिछले साल एशिया कप के दौरान शुरू हुई हाथ नहीं मिलाने की परंपरा के कारण इस मुकाबले में भी खिलाड़ियों के बीच हाथ मिलाने को लेकर चर्चा है। हालांकि एशियन गेम्स में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और हॉकी मुकाबलों के बाद एक-दूसरे से हाथ मिलाया और गले भी मिले हैं। एशियन गेम्स में क्रिकेट का स्तर शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं जैसा नहीं है, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले और स्वर्ण पदक की अहमियत दोनों टीमों के लिए बड़ी है। लगातार बारिश के कारण दोनों टीमों को सीधे सेमीफाइनल मुकाबले में उतरना पड़ा और वहां जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।

India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
भारत पाकिस्तान मुकाबला - फोटो : IANS

भारत के पास गोल्ड का मौका
भारत के अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण और नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए यह मुकाबला महत्वपूर्ण होगा। टीम के पास बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी से लेकर वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा चेहरे तक मौजूद हैं। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान की बल्लेबाजी और उसके स्पिन गेंदबाज महत्वपूर्ण होंगे। भारत के लिए बल्लेबाजी में अभिषेक, वैभव, सैमसन, श्रेयस, ईशान, तिलक और शिवम दुबे जैसे विकल्प हैं।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह

पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), साइम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम, सुफियान मोकिम, अबरार अहमद

India vs Pakistan Final: Check Probable Playing XI of India and Pakistan Gold Medal Match Live Streaming
श्रेयस और साहिबजादा - फोटो : ANI/Twitter
फाइनल लाइव कहां देखें?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 क्रिकेट फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर देखी जा सकेगी। भारत-पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर Sony Sports 1 टीवी चैनल पर होगा। मैच का प्रसारण क्षेत्रीय भाषाओं में भी किया जाएगा। हिंदी में Sony Sports 3, जबकि तमिल, तेलुगु और कन्नड़ में Sony Sports 4 पर मुकाबला लाइव देखा जा सकेगा। इसके अलावा मैच के लाइव अपडेट्स और मैच से जुड़ी खबरें आप Amar Ujala एप और वेबसाइट पर पढ़ सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed