फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Gautam Gambhir Says Hardik Pandya and Nitish Reddy Can Play Together If Star All-Rounder Bowls 10 Overs

टीम इंडिया: हार्दिक लौटे तो नीतीश का क्या होगा? क्या दोनों एकसाथ प्लेइंग-11 में खेल सकते हैं? गंभीर ने बताया

Fri, 18 Sep 2026 01:48 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 18 Sep 2026 01:48 PM IST
सार

मुख्य कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिया है कि हार्दिक पांड्या और नीतीश रेड्डी भारत की एकादश में साथ खेल सकते हैं। हालांकि, 50 ओवर के प्रारूप में हार्दिक की 10 ओवर गेंदबाजी करने की क्षमता अहम होगी। गंभीर ने नीतीश के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि विश्व कप से पहले टीम को ऐसे तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों की जरूरत है।

विज्ञापन
Gautam Gambhir Says Hardik Pandya and Nitish Reddy Can Play Together If Star All-Rounder Bowls 10 Overs
हार्दिक की वापसी पर नीतीश का क्या होगा? - फोटो : ANI

विस्तार

भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने हार्दिक पांड्या और नीतीश रेड्डी को लेकर टीम के भविष्य के संयोजन पर बड़ा संकेत दिया है। गंभीर ने कहा है कि अगर हार्दिक 50 ओवर के प्रारूप में 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह फिट हो जाते हैं तो भारत दोनों ऑलराउंडरों को एक ही प्लेइंग-11 में उतार सकता है। हार्दिक मई से क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण क्रिकेट से दूर हैं। इसी वजह से उन्हें आगामी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया है। फिलहाल वह 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप को देखते हुए भारत के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विज्ञापन

Gautam Gambhir Says Hardik Pandya and Nitish Reddy Can Play Together If Star All-Rounder Bowls 10 Overs
हार्दिक पांड्या - फोटो : BCCI
गंभीर ने कहा- दोनों साथ खेल सकते हैं
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद मीडिया से बातचीत में गंभीर ने हार्दिक और नीतीश को एक साथ खिलाने की संभावना पर बात की। उन्होंने कहा, 'जब हार्दिक वापस आएंगे तो जाहिर तौर पर यह अच्छी बात होगी। कभी-कभी हम दोनों को ही प्लेइंग-11 में खिला सकते हैं।'

हालांकि, गंभीर ने इसके साथ हार्दिक की फिटनेस को सबसे महत्वपूर्ण पहलू बताया। उन्होंने कहा, 'लेकिन अभी हार्दिक 10 ओवर गेंदबाजी नहीं कर सकते हैं और उन्होंने आईपीएल के बाद ज्यादा क्रिकेट भी नहीं खेला है। इसलिए हम उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जल्दबाजी में नहीं उतारना चाहते, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शरीर के लिए काफी कठिन हो सकता है।' यानी वनडे में हार्दिक और नीतीश का साथ खेलना केवल बल्लेबाजी के विकल्प पर निर्भर नहीं करेगा। हार्दिक की गेंदबाजी क्षमता भी टीम संयोजन में बड़ी भूमिका निभाएगी।

पहले इंडिया ए के साथ फिटनेस साबित करेंगे हार्दिक
गंभीर ने बताया कि हार्दिक को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंडिया ए सीरीज में खेलना होगा। अगले महीने पुडुचेरी में होने वाली इस सीरीज के जरिए उन्हें मैच अभ्यास हासिल करने का मौका मिलेगा। गंभीर ने कहा, 'अगर वह इंडिया ए सीरीज खेलते हैं तो उन्हें कुछ मैच समय मिलेगा। उन्हें यही स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अगर वह उस ए सीरीज में खेल सकते हैं और सब कुछ ठीक रहता है, तो वह टी20 और वनडे टीम का हिस्सा बनकर वापस आ सकते हैं।' हार्दिक की चोटों को देखते हुए टीम प्रबंधन उनकी वापसी में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं करना चाहता।
विज्ञापन
विज्ञापन

Gautam Gambhir Says Hardik Pandya and Nitish Reddy Can Play Together If Star All-Rounder Bowls 10 Overs
नीतीश रेड्डी - फोटो : BCCI
नीतीश को मिलेंगे ज्यादा मौके
दूसरी तरफ नीतीश रेड्डी को एशियन गेम्स की टी20 टीम से हटा लिया गया है, ताकि वह आगामी वनडे क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान दे सकें। गंभीर का मानना है कि इससे युवा ऑलराउंडर को ज्यादा मैच खेलने और अपनी गेंदबाजी विकसित करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, 'नीतीश के नजरिये से देखें तो यह वास्तव में अच्छी बात है कि उन्हें टी20 प्रारूप से हटाया गया है और उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ भी मैच खेलने का समय मिलेगा। हम जानते हैं कि जब लगभग एक साल बाद दक्षिण अफ्रीका जाएंगे तो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर कितने महत्वपूर्ण होंगे।' गंभीर ने आगे कहा, 'इस बीच नीतीश को भी ज्यादा मैच खेलने का समय मिलेगा, क्योंकि आईपीएल के बाद उन्होंने भी पर्याप्त क्रिकेट नहीं खेला है। आपने देखा है कि वह जितनी ज्यादा गेंदबाजी करते हैं, उतने ही बेहतर होते जाते हैं।'
विज्ञापन

Gautam Gambhir Says Hardik Pandya and Nitish Reddy Can Play Together If Star All-Rounder Bowls 10 Overs
नीतीश रेड्डी - फोटो : IANS
अफगानिस्तान के खिलाफ गेंद से किया प्रभावित
नीतीश ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में शुरुआत अच्छी नहीं की। उन्हें पारी का पहला ओवर सौंपा गया, जिसमें उन्होंने 15 रन खर्च कर दिए। लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और तीन विकेट हासिल किए। इससे पहले सीरीज के दूसरे टी20 में भी नीतीश ने तीन विकेट लिए थे। गंभीर ने उनके प्रदर्शन को टीम के लिए बड़ा सकारात्मक पहलू बताया।

उन्होंने कहा, 'यह हमारे लिए बहुत बड़ा सकारात्मक पहलू है, क्योंकि हम चाहते हैं कि उसे ज्यादा से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका मिले। हम जानते हैं कि वह कितना महत्वपूर्ण है। चाहे 50 ओवर का प्रारूप हो या आगे चलकर टी20, ऐसे खिलाड़ी बहुत ज्यादा नहीं हैं जो गेंदबाजी करने के साथ मध्यक्रम में बल्लेबाजी भी कर सकें।'

गंभीर ने कहा कि पहले मुकाबले में अच्छी शुरुआत नहीं मिलने के बावजूद नीतीश ने जिस तरह वापसी की, वह उनके विकास को दिखाता है। उन्होंने कहा, 'हम हमेशा जानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जितनी ज्यादा गेंदबाजी करेंगे, उतना बेहतर होते जाएंगे और आज उसने यही दिखाया है।'

Gautam Gambhir Says Hardik Pandya and Nitish Reddy Can Play Together If Star All-Rounder Bowls 10 Overs
शुभमन गिल-गौतम गंभीर - फोटो : PTI
विश्व कप से पहले तैयार करना है विकल्प
गंभीर के बयान से साफ है कि टीम प्रबंधन दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों के विकल्प तैयार कर रहा है। हार्दिक भारत के अनुभवी विकल्प हैं, जबकि नीतीश लगातार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं। गंभीर ने कहा, 'जब आप कुछ तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों को विकसित कर सकते हैं तो लगभग एक साल बाद यह हमेशा आपके लिए उपयोगी होगा।'

ऐसे में हार्दिक की फिटनेस और नीतीश का लगातार मैच खेलना भारतीय टीम के अगले बड़े लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण होगा। अगर हार्दिक 10 ओवर गेंदबाजी करने की क्षमता हासिल कर लेते हैं और नीतीश अपनी मौजूदा प्रगति जारी रखते हैं, तो दोनों को एक साथ मैदान पर उतारने का विकल्प भारतीय टीम के पास मौजूद रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed