वीरू की फिफ्टी के बाद युवराज ने ठोंका शतक, बनाए 187 रन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्फोटक वीरेंद्र सहवाग की फिफ्टी के बाद युवराज सिंह का भी बल्ला चल गया और शानदार शतक ठोंकने के साथ ही फॉर्म में लौटने की धमाकेदार अंदाज में वापसी कर डाली। युवराज की इस पारी के दम पर पंजाब की टीम ने गुजरात के खिलाफ 600 से ज्यादा रन बना लिए। पंजाब की पूरी टीम 608 रन पर आउट हो गई।
मोहाली में खेले गए रणजी ट्रॉफी के ग्रुप-बी के एक मुकाबले के अंतिम और चौथे दिन युवराज के बल्ले से शतक निकल ही गया। इस सत्र में उनकी यह पहली फिफ्टी वाली पारी है। युवराज ने घरेलू दर्शकों के बीच 187 रनों की पारी खेली और अपनी इस पारी में उन्होंने 233 गेंदों में 14 चौके और 7 छक्के भी लगाए।
पंजाब की ओर से शीर्ष क्रम के लगातार 5 बल्लेबाजों ने 50 से ज्यादा की पारी खेली जिसमें ओपनर मनन वोहरा के शानदार 104 और युवराज के 187 रन के अलावा जीवनजोत सिंह (51), उदय कौल (78) और मंदीप सिंह (63) ने 50 से ज्यादा का योगदान दिया।
गुजरात के गेंदबाज पंजाब के बल्लेबाजों पर अंकुश तो नहीं लगा सके लेकिन गेंदबाज रुजुल भट ने 151 रन देकर 8 विकेट झटकने में कामयाब रहे। पहली पारी में 141 रनों की बढ़त हासिल करने के बाद पंजाब गुजरात की दूसरी पारी दिन का खेल खत्म होने से पहले समेट नहीं सका जिससे मैच समय से पहले ड्रॉ पर खत्म करा दिया गया। खेल खत्म होने के समय गुजरात 4 विकेट पर 135 रन बना लिए थे। पहली पारी में बढ़त लेने वाली पंजाब टीम को 3 अंक जबकि गुजरात को एक अंक मिले।
बल्ले में गंभीर से आगे निकले सहवाग, पर वीरू की टीम हारी
रणजी में पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ उतरे वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के बीच रन बनाने के मामले में सहवाग गंभीर से आगे निकल गए, लेकिन कप्तान गंभीर अपनी टीम को जीत दिलाने में कामयाब रहे।
दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में खेले गए मैच में हरियाणा की ओर से खेलते हुए सहवाग ने पहली पारी में 37 और दूसरी पारी में 51 रनों की पारी खेली जबकि कप्तान गंभीर पहली पारी में 18 और 20 रन ही बना सके। हरियाणा ने पहली पारी में 195 रन बनाए जिसके जवाब में दिल्ली पहली पारी में 237 रन बनाकर आउट हो गई। इसके बाद हरियाणा ने सहवाग की फिफ्टी की मदद से दूसरी पारी में 265 रन बनाए।
इस तरह से दिल्ली को जीत के लिए 225 रनों का लक्ष्य मिला और टी-ब्रेक से पहले ही टीम ने लक्ष्य हासिल करते हुए 4 विकेट से मैच जीत लिया। दूसरी पारी में दिल्ली के लिए ओपनर उन्मुक्त चंद ने 99 रनों की जोरदार पारी खेली, लेकिन शतक से एक रन से चूक गए। जीत पर दिल्ली को पूरे 6 अंक भी मिले।
यूपी 58 रन पर ढेर, रेलवे 282 रन से जीता
दाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज अनुरीत सिंह (15 रन पर पांच विकेट) और कृष्णकांत उपाध्याय (32 रन पर चार विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत रेलवे ने रविवार को उत्तर प्रदेश को दूसरी पारी में 58 रनों पर समेटकर रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मैच 282 रनों से जीत लिया।
रेलवे ने शनिवार के तीन विकेट पर 155 रन से आगे खेलते हुए अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 229 रन पर घोषित कर मेजबान टीम के सामने जीत के लिए 341 का लक्ष्य रखा था। उत्तर प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही और उसकी आधी टीम 34 रन के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गई थी जिनमें सलामी बल्लेबाज तन्मय श्रीवास्तव (शून्य), एकलव्य द्विवेद्वी (छह), हिमांशू असनोरा (19), अलमास शौकत (शून्य) और मोहम्मद सैफ (छह) के विकेट शामिल थे। कप्तान प्रवीण कुमार ने आठ रन, सरफराज खान पांच रन, इसरार अजीम (शून्य), अंकित राजपूत (शून्य) और कुलदीप यादव आठ रन पर नाबाद लौटे।
बिष्ट का नाबाद दोहरा शतक
रॉबिन बिष्ट (नाबाद 220) और रिषि धवन (114) की शानदार पारी की बदौलत हिमाचल प्रदेश टीम ने हैदराबाद के खिलाफ ड्रॉ हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले में रविवार को अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 707 पर घोषित की। पहली पारी में बढ़त के आधार पर हिमाचल को इस मैच से तीन महत्वपूर्ण अंक मिले।
हैदराबाद ने पहली पारी में 434 रन बनाए थे। बिष्ट ने अपनी पारी के दौरान 343 गेंदों पर 23 चौके और एक छक्का लगाया जबकि धवन ने 145 गेंदों पर 17 चौके लगाए। श्रेष्ठ निरमोही ने 48 जबकि कप्तान बिपुल शर्मा ने 38 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से सीवी मिलिंद और बीपी संदीप ने तीन-तीन विकेट झटके जबकि हनुमा विहारी के खाते में दो विकेट गया।