रणजी ट्रॉफीः धवन-इशांत के बिना टकराएगी दिल्ली, यूपी के मैच पर बारिश का साया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय ओपनर शिखर धवन और तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के बिना दिल्ली की टीम शुक्रवार से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी मैच में शीर्ष पर काबिज पंजाब से खेलेगी तो उसका लक्ष्य जीत का सिलसिला कायम रखने का होगा। हालांकि दिल्ली के लिए यह आसान नहीं है। इस सत्र में बल्लेबाजी दिल्ली की कमजोर कड़ी साबित हुई है।
धवन की गैर मौजूदगी उसे बुरी तरह खलेगी। धवन रविवार से गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही टी-20 सीरीज में भारत के लिए खेलेंगे। धवन ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर पिछले मैच में हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेल टीम को सत्र की पहली जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
पिछले दो मैचों में नाकाम रहे कुणाल चंदेला, धवन की गैर मौजूदगी में अनुज रावत के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। इशांत भी कार्यभार प्रबंधन नीति के तहत यह मैच नहीं खेलेंगे। ऐसे में 21 वर्षीय सिमरजीत सिंह से काफी उम्मीदें होंगी, जिन्होंने हैदराबाद और आंध्र के खिलाफ 12 विकेट लिए। पंजाब की टीम फॉर्म में है। उसने दो बार बोनस अंक के साथ जीत दर्ज की और एक ड्रॉ खेला। उसे घर में खेलने का भी फायदा मिलेगा।
यूपी के रणजी मैच पर बारिश का साया
यूपी और तमिलनाडु टीम के बीच रणजी मुकाबला, ग्रीनपार्क में शुक्रवार से शुरू होगा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में मैच का टॉस काफी अहम होगा। टॉस जीतने वाली टीम पहले क्षेत्ररक्षण का भी फैसला कर सकती है। उधर, ग्रीनपार्क में बृहस्पतिवार को दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया।
खिलाड़ियों ने सुबह से शाम तक नेट पर जमकर अभ्यास किया। यूपी के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी का जमकर अभ्यास किया। तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने गेंदबाजी का काफी अभ्यास किया। तमिलनाडु की टीम का मानना है कि यूपी की टीम को घरेलू मैदान का फायदा मिलेगा।
यूपी के पास कई अच्छे बल्लेबाज हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं। तमिलनाडु के कई सीनियर खिलाड़ी चोटिल होने के कारण नहीं आए हैं। इस कारण भी मैच में यूपी की टीम का पल्ला भारी बताया जा रहा है।
3-6 जनवरी के अन्य मुकाबले
ग्रुप ए :
बंगाल बनाम गुजरात : कोलकाता
हैदराबाद बनाम केरल : हैदराबाद
राजस्थान बनाम आंध्र प्रदेश : जयपुर
ग्रुप बी
बड़ौदा बनाम रेलवे : वडोदरा
हिमाचल प्रदेश बनाम मध्य प्रदेश : धर्मशाला
मुंबई बनाम कर्नाटक : मुंबई
उत्तर प्रदेश बनाम तमिलनाडु : कानपुर
ग्रुप सी
छत्तीसगढ़ बनाम हरियाणा : रायपुर
झारखंड बनाम जम्मू एंड कश्मीर : रांची
सर्विसेज बनाम महाराष्ट्र : दिल्ली
त्रिपुरा बनाम ओडिशा : अगरतला
उत्तराखंड बनाम असम : देहरादून
प्लेट ग्रुप
मिजोरम बनाम बिहार : पटना
गोवा बनाम मणिपुर : र्पोवोरिम
मेघालय बनाम पुडुचेरी : मंगलदोई
नगालैंड बनाम चंडीगढ़ : सोविमा
सिक्कम बनाम अरुणाचल प्रदेश : कटक