विश्व कप से पहले भारत की खुली पोल, ऐसे हारे ऑस्ट्रेलिया से टी-20 और वन-डे सीरीज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व कप की प्रबल दावेदार मानी जा रही भारतीय टीम अपने ही घर में शर्मनाक ढंग से हारी है। 'क्रिकेट के महाकुंभ' से पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी सीरीज में पहले भारतीय रणबांकुरे टी-20 की जंग हारते हैं तो बाद में पांच मैच की वन-डे सीरीज भी गंवा देते हैं।
पहले गंवाई टी-20 सीरीज
दो मैच की टी-20 सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच बेंगलुरु में खेला गया। मैच हाई स्कोरिंग होने की उम्मीद थी और हुआ भी यही। ऑस्ट्रेलिया ने एकबार फिर टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया। आज सभी भारतीय बल्लेबाज रंग में नजर आए। कप्तान विराट कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 72 रन ठोक दिए। एमएस धोनी ने भी 23 गेंदों में 40 रन बनाए।
अब ऑस्ट्रेलिया को दूसरा टी-20 जीतने के लिए 191 रन का लक्ष्य मिला। भारतीय गेंदबाजों ने इसे बचाने की भरपूर कोशिशें की, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने 55 गेंदों में 7 चौके और 9 छक्के के बूते 113 रन की शतकीय पारी खेलते हुए भारत के मुंह से जीत छीन ली।
इस तरह दो मैच की टी-20 सीरीज में भारत का सूपड़ा साफ हुआ।
बढ़त के बावजूद हारी वन-डे सीरीज
पांच मैच की वन-डे सीरीज का आगाज हैदराबाद से हुआ। 236 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट से यह मुकाबला जीता था। केदार जाधव (81) और एमएस धोनी (59) इस मैच के हीरो थे। नागपुर में दूसरा वन-डे हुआ। यहां भारत ने रोमांचक अंदाज में 8 रन से मुकाबला अपने नाम किया। आखिरी ओवर में विजय शंकर ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था।
5 मैच की वन-डे सीरीज में 2-0 से बढ़त के बाद ऑस्ट्रेलिया ने जबरदस्त वापसी की। तीसरा मुकाबला धोनी के घर रांची में था। ऑस्ट्रेलिया के 313/5 के जवाब में भारतीय टीम 281 रन पर सिमट गई। यहां विराट कोहली ने जरूर लगातार दूसरा शतक लगाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। मोहाली में भारत के पास एक बार सीरीज जीतने का सुनहरा मौका था। मैन इन ब्लूज ने स्कोरबोर्ड पर 358/9 का पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया। बावजूद इसके कंगारुओं ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 14 गेंद पहले ही चार विकेट से रिकॉर्ड जीत हासिल की।
यहां से सीरीज 2-2 से बराबर हो गई। अब पांचवां और आखिरी मैच दिल्ली में था। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने धीमी मानी जा रही कोटला की पिच पर 272/9 रन बना दिए, लेकिन भारतीय टीम कभी भी मैच में नजर नहीं आई। लगातार अंतराल में विकेट गिरते चलते गए। धवन, विराट, पंत सभी लोकल ब्वॉय फेल रहे। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 35 रन से आखिरी वन-डे जीतते हुए पांच मैच की सीरीज 3-2 से अपने नाम की।